जनगणना में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई होगी
गुरुग्राम, दीपक आहूजा। जनगणना में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारी से सख्ती से निपटा जाएगा।

गुरुग्राम, दीपक आहूजा। जनगणना में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारी से सख्ती से निपटा जाएगा। यह चेतावनी गुरुग्राम नगर निगम के आयुक्त एवं प्रधान जनगणना अधिकारी प्रदीप दहिया ने शुक्रवार को जनगणना कार्य की विस्तृत समीक्षा करन के दौरान दी। बैठक में जनगणना कार्य की प्रगति, फील्ड स्तर पर चल रहे सर्वेक्षण, कर्मचारियों की उपस्थिति तथा कार्य की गति को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई।
लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई
दहिया ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन कर्मचारियों ने अब तक जनगणना कार्य शुरू नहीं किया है या कार्य में लापरवाही बरत रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। ऐसे कर्मचारियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसमें किसी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रधान जनगणना अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनगणना कार्य में और अधिक तेजी लाई जाए। इससे निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य को सफलतापूर्वक पूरा किया जा सकेगा। उन्होंने सभी फील्ड कर्मचारियों से पूरी जिम्मेदारी एवं गंभीरता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
नियमित निरीक्षण का निर्देश
दहिया ने संयुक्त आयुक्तों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करें। फील्ड में जाकर जनगणना कार्य की वास्तविक स्थिति का जायजा लें। निरीक्षण के दौरान कार्य की गुणवत्ता, कर्मचारियों की उपस्थिति व नागरिकों से संवाद पर विशेष ध्यान दिया जाए। इससे किसी भी प्रकार की त्रुटि को समय रहते दूर किया जा सकेगा। इस बैठक में अतिरिक्त निगमायुक्त अंकिता चौधरी, पूजा चांवरिया, डॉ. जयवीर यादव, संयुक्त आयुक्त डॉ. नरेश कुमार व रविन्द्र मलिक, जेडटीओ पंकज कुमार, राजेश यादव, बीएस छोकर व दिनेश कुमार आदि मौजूद थे।
-
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


