
कोहरे में एसपीआर और गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड पर हादसे का डर
गुरुग्राम में सर्दियों में कोहरे के कारण सर्दर्न पेरिफेरियल रोड और गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड पर सड़क हादसों का खतरा बढ़ गया है। ज्यादातर स्ट्रीट लाइटें बंद हैं और सड़क सुरक्षा उपकरणों की कमी है। स्थानीय निवासियों ने अधिकारियों से शिकायत की है कि स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत की जानी चाहिए।
गुरुग्राम, कार्यालय संवाददाता। कोहरे में सर्दर्न पेरिफेरियल रोड (एसपीआर) और गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड पर सड़क हादसा होने का खतरा बना हुआ है। इन दोनों मुख्य सड़कों पर अधिकांश स्ट्रीट लाइट खराब हैं। इसके अलावा सड़क सुरक्षा उपकरणों की भारी कमी है। रात के समय दृश्यता कम होने के वजह से सड़क हादसा होने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं। जीएमडीए ने जनवरी, 2024 को गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड के निर्माण का टेंडर एक कंपनी को आवंटित किया था। 7.40 करोड़ रुपये की लागत के इस टेंडर के तहत जुलाई, 2024 तक यह काम पूरा हुआ था। इस टेंडर में करीब 12 लाख रुपये से सड़क सुरक्षा उपकरण मुहैया करवाए जाने थे।
इस मुख्य सड़क पर लेन डिवाइडिंग और जेब्रा क्रॉसिंग पर थर्मोप्लास्टिक पेंट नहीं है। डिवाइडर पर पेंट नहीं है। इसके चलते रात के समय यह वाहन चालकों को नजर नहीं आ रहा है। लेन डिवाइडिंग नहीं होने के चलते वाहन चालक लेन में वाहनों को नहीं चला पा रहे हैं। करीब 80 प्रतिशत स्ट्रीट लाइट बंद हैं। इस वजह से सड़क हादसे होने की संभावनाएं बनी हुई हैं। एसपीआर का टेंडर पिछले साल अप्रैल माह में आवंटित हुआ था, जिसकी लागत करीब आठ करोड़ रुपये है। इस सड़क पर सूचना पट्ट, लेन डिवाइडिंग और जेब्रा क्रॉसिंग के लिए करीब 24 लाख रुपये स्वीकृत हैं। इन सड़कों पर यह कार्य करवाया गया है, लेकिन स्थानीय निवासियों पर गुणवत्ता पर सवाल उठाया हुआ है। गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड और एसपीआर पर सड़क सुरक्षा उपकरण जैसे कैट आई, ब्लिंकर, स्टड आदि की कमी है। इनकी कमी और स्ट्रीट लाइट के बंद होने के चलते हादसों की संभावनाएं बढ़ गई हैं। सेक्टर-101-104 की मुख्य सड़क पर स्ट्रीट लाइट खराब इसके अलावा सेक्टर-101-104 की मुख्य सड़क पर अधिकांश स्ट्रीट लाइट बंद हैं। सेक्टर-102 स्थित इम्पीरियल गार्डन सोसाइटी की आरडब्ल्यूए के उपप्रधान सुनील सरीन ने बताया कि पिछले छह महीने से यह स्ट्रीट लाइट खराब हैं। कोहरे में इसकी वजह से हादसा होने का डर बना रहता है। जीएमडीए या नगर निगम के अधिकारियों को इन स्ट्रीट लाइट को दुरुस्त करने की तरफ ध्यान देना चाहिए। यह मुख्य सड़क द्वारका एक्सप्रेसवे को जोड़ती है। सेक्टर-57 आरडब्ल्यूए ने शिकायत दी सेक्टर-57 की आरडब्ल्यूए के प्रधाान रोशन लाल यादव, महासचिव डॉ. जयपाल कौशिक और उपप्रधान एसके मल्होत्रा ने नगर निगम के आयुक्त प्रदीप दहिया को शिकायत दी है। इसमें कहा है कि अधिकांश स्ट्रीट लाइट बंद हैं। कई सड़कों पर स्ट्रीट लाइट नहीं है। शिकायत में कहा कि कई बार नगर निगम की इलेक्ट्रिक शाखा को इस सिलसिले में शिकायत दी है, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। करीब दो महीने से स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी हैं। उनके मुताबिक शाम ढलने के बाद अधिकांश सड़क अंधेरे में डूब जाती हैं। इससे सड़क हादसा और आपराधिक वारदात घटित होने का भय बना रहता है। उन्होंने आग्रह किया कि अधिकारी और ठेकेदार को स्ट्रीट लाइट को ठीक करने के आदेश दिए जाएं। जहां पर स्ट्रीट लाइट नहीं है, वहां नई लगवाई जाए। गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड और एसपीआर का निरीक्षण करेंगे। यदि स्ट्रीट लाइट बंद हैं तो अधिकारियों से जवाब तलब किया जाएगा। सड़क सुरक्षा उपकरणों को सड़कों पर मुहैया करवाया जाएगा। - पीसी मीणा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जीएमडीए

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




