Gurgaon News: सोहना में चौक पर लगेगा छह फीट ऊंचा त्रिशूल, शिव की नगरी के रूप में संवरेगा शहर
Gurgaon News: सोहना नगर परिषद ने शहीद भगत सिंह फव्वारा चौक की सुंदरता को बढ़ाने के लिए नए योजना की घोषणा की है। इस योजना के तहत, वहां छह फीट ऊंचा त्रिशूल स्थापित किया जाएगा। यह त्रिशूल रात में दुधिया रोशनी से जगमगाएगा और पर्यटकों के लिए मुख्य आकर्षण केंद्र बनेगा। योजना पर करीब 15 लाख रुपये खर्च होंगे।

Gurgaon News: - करीब 15 लाख रुपये की लागत से तैयार होगा यह विशेष आकर्षण, रात के समय दुधिया रोशनी से जगमगाएगा चौक सोहना, नरेश कुमार। सोहना नगर परिषद ने शहर के ऐतिहासिक शहीद भगत सिंह फव्वारा चौक की सुंदरता को और अधिक निखारने के लिए एक नई और आकर्षक योजना तैयार की है। फव्वारा चौक के सौंदर्यीकरण के तहत वहां छह फीट ऊंचा और चार फीट चौड़ा भव्य त्रिशूल स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पर्यटकों के लिए बनेगा मुख्य आकर्षण का केंद्र
त्रिशूल रात के अंधेरे में भी दुधिया रोशनी से जगमगाता नजर आएगा। सोहना शहर को भगवान शिव के नाम पर शिव की नगरी के रूप में मुख्य रूप से जाना जाता है। पौराणिक कथाओं और मान्यताओं के अनुसार, अरावली पहाड़ी की तलहटी से निकलने वाले गंधक युक्त गर्म पानी के कुंड को इसी धार्मिक आधार पर शिव कुंड नाम दिया गया था। भगवान शिव के सबसे प्रिय और प्रमुख शस्त्र त्रिशूल को इसी सांस्कृतिक और पौराणिक पहचान को दर्शाने के लिए चौक पर स्थापित किया जा रहा है। नगर परिषद के अधिकारियों के अनुसार, इस पूरे सौंदर्यीकरण कार्य पर करीब 15 लाख रुपये की लागत आएगी, जिसे उच्चाधिकारियों से मंजूरी मिलने के बाद अब अंतिम रूप दिया जा रहा है।
नगर परिषद की विकास योजनाएं
नगर परिषद के कार्यकारी अभियंता महेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि त्रिशूल लगाने की इस योजना से शहर की सुंदरता में चार चांद लगेंगे और यह आने-जाने वाले पर्यटकों तथा स्थानीय नागरिकों के लिए एक यादगार स्थल बनेगा। वहीं, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी (ईओ) सुनील कुमार रंगा ने कहा कि शहर में लगातार ऐसी विकास योजनाएं लाई जा रही हैं, जिससे सोहना का सौंदर्य स्थानीय निवासियों के साथ सैलानियों के लिए भी हमेशा यादगार बन सके।


