नंगे तारों के खतरे को खत्म करने के लिए 8800 पोल पर चढ़ेगा रबड़ कवच

Jan 08, 2026 10:39 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गुड़गांव
share

- नगर परिषद ने सुरक्षा की दृष्टि से शुरू की अनूठी पहल; पहले चरण में 650 खंभों पर पाइप लगाए गए, बिजली चोरी पर भी लगेगी लगाम

नंगे तारों के खतरे को खत्म करने के लिए 8800 पोल पर चढ़ेगा रबड़ कवच

सोहना। सोहना नगर परिषद ने आम लोगों की जान-माल की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एक महत्वपूर्ण अभियान की शुरुआत की है। शहर के 21 वार्डों में लगी स्ट्रीट लाइटों के खंभों से करंट लगने के खतरे को जड़ से खत्म करने के लिए अब उन पर रबड़ पाइप लगाए जा रहे हैं। इस कदम से न केवल इंसानों और बेजुबान पशुओं की जान बचेगी, बल्कि नंगे तारों से होने वाली बिजली चोरी पर भी पूरी तरह अंकुश लगेगा। नगर परिषद सीमा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चौक-चौराहों, आम रास्तों और मुख्य सड़कों पर लगे स्ट्रीट लाइट पोल के कनेक्शन पॉइंट अक्सर खुले रहते हैं।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

खंभों पर लगी सुरक्षा प्लेटें गायब होने या नंगे तार बाहर निकले होने के कारण, विशेषकर बरसात के मौसम में, इनमें करंट उतरने का खतरा बना रहता था। तीन महीने पहले बालूदा मार्ग पर एक खंभे की चपेट में आने से एक भैंस की मौत भी हो चुकी है। इसी जोखिम को देखते हुए परिषद ने पूरे शहर में रबड़ पाइप लगाने की योजना बनाई है। 650 खंभों पर पूरा हुआ पहले चरण का काम नगर परिषद के लाइट निरीक्षक रविंद्र कुमार ने बताया कि अभियान के पहले चरण में शहरी क्षेत्र के 650 स्ट्रीट पोल पर रबड़ पाइप लगा दिए गए हैं। यहां भीड़भाड़ और पैदल चलने वालों की संख्या अधिक होने के कारण जमीन से 6 फुट की ऊंचाई तक पाइप लगाए गए है दमदमा, पलवल और बालूदा मार्ग पर खड़े खंभों पर 5 फुट की ऊंचाई तक रबड़ सुरक्षा कवच चढ़ाया जा रहा है। 8800 खंभों को कवर करने का लक्ष्य नगर परिषद ने अपने सभी 21 वार्डों में लगे लगभग 8800 स्ट्रीट लाइट पोल पर रबड़ पाइप लगाने का लक्ष्य रखा है। परिषद का मानना है कि इस तकनीक के इस्तेमाल के बाद बिजली के नंगे तारों तक किसी की सीधी पहुंच नहीं होगी। राहगीरों, बच्चों और आवारा पशुओं को करंट लगने का डर खत्म हो जाएगा। अक्सर देखा गया है कि लोग खंभों के खुले तारों से कुंडी डालकर बिजली चोरी करते हैं। पाइप लगने के बाद तारों तक पहुंचना नामुमकिन होगा, जिससे बिजली की बर्बादी रुकेगी। अधिकारी का बयान नगर परिषद सोहना की कार्यकारी अधिकारी सुमन लता ने कहा, "स्ट्रीट पोल पर रबड़ पाइप लगने से करंट लगने का खतरा पूरी तरह समाप्त हो जाएगा। यह कदम जन सुरक्षा के लिए उठाया गया है। इससे अवैध रूप से बिजली के तारों के साथ छेड़छाड़ करना और बिजली चोरी करना भी बंद हो जाएगा।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।