Gurgaon News: गलियों में आठ माह से भरा सीवर का पानी, 500 परिवार घरों में कैद रहने को मजबूर
Gurgaon News: - सड़कों पर बह रहा बदबूदार पानी, खुले मैनहोल में गिरे बाइक सवार, बड़ा हादसा टला गलियों में आठ माह से सीवर का पानी, 500

Gurgaon News: गुरुग्राम, कृष्ण कुमार। ओल्ड गुरुग्राम के लक्ष्मण विहार डी-ब्लॉक में सीवर ओवरफ्लो और लचर ड्रेनेज व्यवस्था के चलते स्थिति नारकीय बन चुकी है। गलियों और मुख्य रास्तों पर भरे सीवर के पानी के कारण इलाके के 500 से अधिक परिवार अपने ही घरों में कैद होने को मजबूर हैं। क्षेत्र में फैली असहनीय दुर्गंध के कारण बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं और घरों के अंदर लोगों का बैठना व खाना खाना तक मुहाल हो गया है। गंदगी और दूषित वातावरण के चलते इलाके में संक्रामक बीमारियां फैलने लगी हैं। स्थानीय निवासियों के अनुसार, करीब आठ महीने पहले सीवर लाइन डालने का टेंडर हुआ था, लेकिन स्थानीय राजनीति और खींचतान के चलते काम बीच में ही लटक गया। भारी शिकायतों के बाद जब दोबारा टेंडर निकाला गया और नया ठेकेदार काम करने पहुंचा, तो कथित तौर पर कभी स्थानीय नेताओं तो कभी राजनीतिक रसूखदारों के हस्तक्षेप के कारण काम को पूरा नहीं होने दिया गया। ठेकेदार ने सड़क की खुदाई कर पुरानी सीवर लाइन को तोड़कर खुला छोड़ दिया, जिससे पूरा गंदा पानी गलियों में भर गया। अब स्थानीय लोग बीते आठ माह से नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। लोगों का कहना है कि हर जगहा शिकायतों के बाद भी लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है।
खुले मैनहोल में गिरे बाइक सवार
गली नंबर 111 में सीवर का ढक्कन खुला होने के कारण एक दिन पहले दो बाइक सवार गहरे मैनहोल में गिर गए, जिन्हें स्थानीय लोगों ने मशक्कत से बाहर निकाला और बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह कोई पहला हादसा नहीं है। यहां हर दिन कोई ना कोई हादसों का शिकार हो रहा है। लोगों का कहना है कि शायद अब जिला प्रशासन और निगम को कोई बड़े हादसे का इंतजार है।
राजनीति के चक्कर में नहीं हो रहा है काम
समाजिक कार्यकर्ता योगिता कटारिया ने सोशल मीडिया पर वीडियो और फोटो डालकर कहा कि नगर निगम अधिकारियों और ठेकेदारों की घोर लापरवाही का खामियाजा लक्ष्मण विहार के 500 निर्दोष परिवार भुगत रहे हैं। सड़क खोदकर सीवर लाइन तोड़ दी गई और अब राजनीति के चक्कर में जनता को नरक में धकेल दिया गया है। स्थिति इतनी विकट हो चुकी है कि लोग घरों से बाहर कदम तक नहीं रख पा रहे हैं। यदि तुरंत समाधान नहीं हुआ, तो निगम कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
सप्लाई के नलों में आ रहा सीवर का गंदा पानी
सीवर लाइन टूटने और पानी की पाइपलाइनों के आपस में मिलने से घरों में पीने के पानी की सप्लाई में बदबूदार सीवर का पानी आ रहा है। दूषित पानी पीने से बीमारी का खतरा बना हुआ है, जिसके कारण लोग रोजाना महंगे दामों पर निजी टैंकरों और पानी के जार खरीदकर प्यास बुझाने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम अधिकारियों को बार-बार लिखित और मौखिक शिकायतें देने के बाद भी कोई सुध नहीं ली जा रही है। जगह-जगह खुले पड़े मैनहोल और जलभराव के बीच हर समय बच्चों व बुजुर्गों के गिरने का खतरा बना रहता है।
लक्ष्मण विहार में ठेकेदार को काम सौंपा हुआ है। काम क्यों नहीं कर रहा है ठेकेदार और संबधित अधिकारी से जवाब मांगा जाएगा। अगर लापरवाही मिलती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- विजय ढाका, मुख्य अभियंता, नगर निगम,गुरुग्राम।


