नाले में छोड़ा जा रहा सीवर का गंदा पानी, बीमारियों का खतरा बढ़ा
सोहना में बरसाती नाले में छोड़े जा रहे सीवरेज के गंदे पानी से आसपास की कॉलोनियों में रहने वाले लोग बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। स्थानीय निवासी बुखार, खांसी, और मलेरिया जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। नगर परिषद पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया जा रहा है।

सोहना, संवाददाता। बरसाती नाले में सोसाइटियों द्वारा छोड़े जा रहे सीवरेज के गंदे पानी ने आसपास की कॉलोनियों के लोगों की चिंता बढ़ा दी है। नाले के साथ-साथ आबाद हो रही बस्तियों में रहने वाले लोग बुखार, खांसी, जुकाम और मलेरिया जैसी बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो हालात और गंभीर हो सकते हैं। दमदमा झील से आने वाले बरसाती पानी के नाले में अवैध रूप से सोसाइटियों का सीवरेज छोड़ा जा रहा है। नगर परिषद सीमा क्षेत्र में स्थित सेंट्रल पार्क, जीएलएस और एमवीएन सोसाइटी से एसटीपी का गंदा पानी नाले में डाला जा रहा है।
एमवीएन सोसाइटी से टैंकरों के माध्यम से गंदा पानी गिराया जा रहा है। जीएलएस व सेंट्रल पार्क से पाइपलाइन डालकर सीधे नाले में सीवर छोड़ा जा रहा है। बताया जा रहा है कि नाले में सीवरेज का गंदा पानी तीन से चार फुट तक जमा है। लाखूवास के पास नाले को मिट्टी भराव के दौरान बंद कर दिए जाने से जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। बीमारी फैलने की आशंका बालूदा मार्ग निवासी सतीश के अनुसार, वाहनों की आवाजाही के लिए नाले को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था, जिससे गंदा पानी जमा होता जा रहा है। नाले से उठ रही बदबू के कारण सांस लेना मुश्किल हो गया है। स्थानीय निवासी राकेश का कहना है कि गंदे पानी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे बुखार, जुकाम, खांसी और अन्य बीमारियां फैलने लगी हैं। नगर परिषद पर लापरवाही का आरोप सोसाइटीवासियों ने नगर परिषद पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। पंकज कुमार ने बताया कि कई बार लिखित शिकायत देने के बावजूद अवैध रूप से छोड़े जा रहे सीवरेज पर रोक नहीं लगाई गई। उनका कहना है कि दूषित हवा के कारण सिरदर्द और सांस संबंधी दिक्कतें बढ़ रही हैं। इस संबंध में नगर परिषद सोहना के कार्यकारी अधिकारी सुनील कुमार रंगा ने कहा कि मामला उनकी जानकारी में नहीं था। होली पर्व के बाद इस समस्या पर गंभीरता से विचार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



