
डेढ़ माह से लालबत्ती खराब, सोहना का दमदमा चौक बना जाम का झाम
- लगातार लग रहे जाम से विद्यार्थी और नौकरीपेशा लोग परेशान, 300-400 वाहन एक साथ फंसते हैं, नगर परिषद जारी करेगी नोटिस
सोहना। सोहना शहर के बीच से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग (गुरुग्राम-अलवर) पर स्थित दमदमा चौक पिछले करीब डेढ़ माह से जाम का पर्याय बन गया है। चौक पर लगी लालबत्ती (ट्रैफिक लाइट) खराब होने के कारण वाहन चालक, विद्यार्थी, और नौकरी-रोजगार पर जाने वाले लोग गंभीर रूप से परेशान हो रहे हैं। चूंगी नंबर दो और दमदमा चौक पर लगी लालबत्तियाँ वाहनों की टक्कर से टूटी पड़ी हैं। दमदमा चौक पर पूरे दिन में 10 से 12 बार जाम लग जाता है। एक बार जाम लगने पर सामान्य बस स्टैंड, नागरिक अस्पताल मार्ग, गुरुग्राम मार्ग, और दमदमा मार्ग जैसे सभी रास्तों पर 300 से 400 वाहन तक लंबी लाइनों में फंस जाते हैं।
जाम से सबसे अधिक परेशानी विद्यार्थी उठा रहे हैं, जो स्कूल और कॉलेज समय पर नहीं पहुंच पाते। अभिभावक राकेश ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों के समय पर घर न पहुंचने से सभी को परेशानी होती है। शहर में लालबत्तियों को ठीक कराने की जिम्मेदारी नगर परिषद की है, लेकिन प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। पीक ऑवर्स के दौरान ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती भी वाहनों को जल्दी निकालने की होड़ में जाम को और बढ़ा देती है। जानकारी के अनुसार, जिस वाहन चालक ने दमदमा चौक की लालबत्ती तोड़ी थी, उसकी पहचान हो चुकी है, लेकिन आरोप है कि नगर परिषद के ही एक जिम्मेदार व्यक्ति ने उसे रहमो-करम पर छोड़ दिया था। कार्यकारी अधिकारी सुमन लता ने बताया कि लालबत्ती तोड़ने वाले वाहन चालक को जल्द ही नोटिस जारी किया जाएगा, क्योंकि उसके द्वारा मांगा गया समय समाप्त हो चुका है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




