मिलेनियम सिटी में गर्म हवा चलने से लोग बेहाल, पारा 42 के पार पहुंचा

Newswrap हिन्दुस्तान, गुड़गांव
share

गुरुग्राम में सोमवार को तेज गर्म हवा ने लोगों को झुलसा दिया। अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जबकि न्यूनतम 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। उपायुक्त ने गर्मी से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की है, जिसमें बच्चों और बुजुर्गों की देखभाल की सलाह दी गई है।

मिलेनियम सिटी में गर्म हवा चलने से लोग बेहाल, पारा 42 के पार पहुंचा

गुरुग्राम, कृष्ण कुमार। मिलेनियम सिटी में सोमवार को सुबह से ही तेज गर्म हवा ने लोगों को झुलसा कर रख दिया। अधिकतम तापमान 42 डिग्री से अधिक पहुंच गया। दोपहर के समय शहर की सभी मुख्य सड़कें और मार्केट में लोगों की आवाजाही काफी कम रही। गर्मी और लू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए मौसम विभाग ने अगले चार दिन के लिए येलो अलर्ट जारी कर दिया है। गर्मी के इन सख्त तेवरों ने आम जनजीवन को पूरी तरह से प्रभावित कर दिया है। सोमवार को अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 1. 7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। एक दिन पहले रविवार को अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री और न्यूनतम 25.8 डिग्री सेल्सियस था। पूरे दिन 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज गर्म हवा चलती रही। बीच-बीच में 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से भी गर्म हवा चली। हालात को देखते हुए डीसी उत्तम सिंह ने लू से बचाव के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। इसमें बच्चों, बुजुर्गों और पालतू जानवरों की विशेष देखभाल करने की सलाह दी गई है।

सलाह

दोपहर 12 बजे से 3 के बीच धूप में जान से बचें

जिला उपायुक्त उत्तम सिंह ने आम जनता से अपील की है कि वह गर्मी में हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनें और अपना सिर हमेशा ढककर रखें। बाहर जाते समय हैट या छतरी का उपयोग करें। प्यास न लगने पर भी बार बार पानी पिएं। ओआरएस, लस्सी, चावल का मांड, नींबू पानी और छाछ का सेवन करें ताकि शरीर में पानी की कमी न हो। दोपहर 12 बजे से शाम 3 बजे के बीच सीधे धूप में जाने से बचें। बच्चों को अकेले गाड़ियों में न छोड़ें और नंगे पैर बाहर बिल्कुल न जाएं। चक्कर आने, उल्टी, सीने में दर्द या सांस लेने में परेशानी होने पर तुरंत डॉक्टर को दिखाएं। गर्मी में जंक फूड न खाएं और घर का बना ताजा खाना ही खाएं। काम के बीच में आराम भी करें।

सतर्कता

उपायुक्त ने बढ़ती गर्मी में घर के वृद्ध और बीमार लोगों पर विशेष ध्यान देने की अपील की है। अगर वह अकेले रहते हैं तो दिन में कम से कम दो बार उनकी जांच जरूर करें। यह पक्का करें कि उनके पास हमेशा फोन हो ताकि जरूरत पड़ने पर वे बता सकें। अगर उन्हें गर्मी से बेचैनी हो रही है, तो उनके शरीर को तुरंत गीला करें या गर्दन और बगलों में गीला तौलिया रखें। उन्हें ठंडे पानी से नहलाएं और हमेशा उनके पास पीने के पानी की एक बोतल जरूर रखें। परेशानी ज्यादा होने पर बिना किसी देरी के एंबुलेंस या डॉक्टर को बुलाएं।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

गुरुग्राम में अधिकतम तापमान कितना था?
गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस था।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।