घर में घुसकर नाबालिग से छेड़छाड़ करने वाले को 3 साल की कैद
रेवाड़ी,संवाददाता। फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट के अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश डा. मैनपाल रामावत ने घर में घुसकर एक नाबालिग के साथ छेड़छाड़ करने वाले

रेवाड़ी, संवाददाता। फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट के अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश डा. मैनपाल रामावत ने घर में घुसकर एक नाबालिग के साथ छेड़छाड़ करने वाले आरोपी युवक को दोषी करार देते हुए 3 साल कैद की सजा सुनाई है। अदालत ने आरोपी पर 12 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है। जुर्माना नहीं भरने पर आरोपी को जेल की अतिरिक्त सजा भी भुगतनी होगी। बावल थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक महिला ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया था कि 4 मार्च 2025 की रात को वह अपनी बेटी के साथ घर में सो रही थी। रात करीब 11:50 बजे गांव का ही रहने वाला एक युवक घर में घुस आया और उसकी नाबालिग बेटी के साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दी। नाबालिग के शोर मचाने पर युवक जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। शोर सुनकर परिवार व पड़ोस में रहने वाले लोग भी जाग गए और पुलिस को सूचना दी गई। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ थाना बावल में छेड़छाड़ व पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज करके आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया था。
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने जांच के बाद अदालत में चार्जशीट दायर की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अदालत में साक्ष्य प्रस्तुत किए और गवाहों के बयान भी दर्ज कराए। साक्ष्यों और सभी पहलुओं पर सुनवाई के बाद फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट के अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश डा. मैनपाल रामावत ने आरोपी युवक को दोषी करार दिया। अदालत ने दोषी को 3 साल कैद और 12 हजार रुपए जुर्माना की सजा दी है। जुर्माना नहीं भरने पर दोषी को 2 महीने की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी।
पशु चोरी के मामले में दो आरोपी रिमांड पर
रेवाड़ी, संवाददाता। गांव भडंगी में हुई पशु चोरी की वारदात को सुलझाते हुए मामले में संलिप्त दो आरोपियों को अदालत से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान यूपी के जिला मुजफ्फरनगर के गांव बधरा निवासी रिजवान व गांव हसैनपुर निवासी नदीम के रूप में हुई है।
जांचकर्ता पुलिस अधिकारी ने कहा कि 8 जनवरी को गांव भडंगी निवासी अभय सिंह ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया था कि कोई अज्ञात चोर उसके घर मे बंधी 4 भैंस चोरी करके ले गए है। जिस पर पुलिस ने थाना कोसली में चोरी का मामला दर्ज करके जांच शुरू की थी। जो जांच के बाद पुलिस ने शुक्रवार को मामले में संलिप्त दो आरोपी यूपी के जिला मुजफ्फरनगर के गांव बधरा निवासी रिजवान व जिला मुजफ्फरनगर के गांव हसैनपुर निवासी नदीम को अदालत से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार कर लिया है। जांचकर्ता ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से चोरी किए गए पशुओं की बरामदगी और इस गिरोह के अन्य सदस्यों व वारदातों के बारे में गहनता से पूछताछ करेगी।
दंपति को डिजिटल अरेस्ट कर ठगे 1.89 करोड़, 11वां आरोपी गुरुग्राम से काबू
रेवाड़ी, संवाददाता। साइबर क्राइम थाना रेवाड़ी पुलिस ने धारूहेड़ा के सेक्टर-6 निवासी एक दंपति को डिजिटल अरेस्ट कर 1.89 करोड़ रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान जिला गुरुग्राम के अशोक विहार फेस 3 निवासी अमर शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस इस मामले में दस आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
जांचकर्ता ने कहा कि धारूहेड़ा के सेक्टर-6 निवासी एक सेवानिवृत्त कर्मचारी राजपाल सिंह ने अपनी शिकायत में बताया था कि गत 27 व 28 फरवरी को उसके फोन पर अनजान व्यक्ति के फोन आए। फोन करने वाले ने खुद को ट्राई सर्विस से बताते हुए कहा कि उसकी सिम बंद होने वाली है। उसकी आईडी से गलत ढंग से सिम खरीदी गई है। उसके खिलाफ मुबंई में एफआईआर दर्ज है। उसे बताया गया कि उसके नंबर से न्यूड फोटो और वीडियो भेजे जा रहे हैं। इसके बाद एक अन्य नंबर से आए फोन पर खुद को सीबीआई इंस्पेक्टर बताने वाले शख्स ने कहा कि उसे डिजिटल अरेस्ट किया गया है। अगर वह बचना चाहता है, तो उसके बताए गए खाता नंबरों पर पैसे ट्रांसफर करने होंगे। शुरू में उसने कुछ रकम ट्रांसफर की, तो उसे मनी लार्डिंग के केस में फंसाने की धमकी देने हुए और पैसे ट्रांसफर करा लिए। उसे और उसकी पत्नी को घर से बाहर नहीं निकलने और किसी से संपर्क नहीं करने को कहा गया। उसे बार-बार डराकर 3 मार्च से 20 अप्रैल तक कुल 1 करोड़ 89 लाख 28 हजार रुपये विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर करा दिए। उसके फोन पर एक एप डाउनलोड कराने के बाद निगरानी रखी गई, जिससे वह और उसकी पत्नी कमरे में बंधक बने रहे। एप डाउनलोड कराने के बाद उसे और उसकी पत्नी को ऑनलांइन पुलिसकर्मी, हथियार, कोर्ट, जज और फर्जी रसीद दिखाए गए। फर्जी जज ने प्रॉपटी की वेरिफिकेशन करते हुए उसे बेचने और 70 प्रतिशत राशि सरकारी खजाने में जमा कराने को कहा।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने साइबर थाना रेवाड़ी में ठगी का मामला दर्ज करके मामले में संलिप्त दस आरोपियों को पहले की काबू कर लिया था। अब इस मामले में पुलिस ने अमर शर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अमर शर्मा ने साइबर ठगों को बैंक खाता मुहैया कराने में मध्यस्थ की भूमिका निभाई थी। पुलिस ने आरोपी को पेश अदालत करके पूछताछ के लिए एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस द्वारा इस मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी जल्द की जाएगी।
बावल में एक ही रात में टूटे दो दुकानों के ताले, पुलिस की गाड़ी का सायरन सुनकर फरार हुए
रेवाड़ी, संवाददाता। चोरों ने एक ही रात में बावल के रेलवे रोड स्थित दो दुकानों के ताले तोड़ डाले। इससे पहले कि वे दुकान में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम देते, पुलिस की गाड़ी का सायरन सुनकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से हथौड़े व कटर बरामद किये हैं।
समाचारों के अनुसार बावल के रेलवे रोड ओवरब्रिज के पास बनी दो दुकानों को चोरों ने निशाना बनाया। सबसे पहले किशनचन्द गेरा की स्पेयर पार्टस की दुकान में चोरों ने सेंध लगाई और ताले तोड़ डाले। लेकिन दुकान के शटर में सेंटर लॉक होने के कारण उसे ऊपर नहीं उठा सके। तत्पश्चात चोरों ने बराबर की राजेन्द्र कुमार की दुकान पर हथौडे़ चलाकर ताले तोड़ डाले। चोर दुकान में घुसने ही वाले थी कि पुलिस की गाड़ी का सायरन सुनकर चोर मौके पर ही हथौड़े व कटर छोड़ कर फरार हो गए। भनक लगते ही पुलिस ने उनका पीछा किया। लेकिन वे हाथ नहीं आ सके। सूचना मिलते ही बावल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
व्यापारियों की चिंताएं
ताले टूटने की इन वारदातों को लेकर बाजार के व्यापारियों मंे रोष व भय है। उनका कहना है कि बाजार में कहीं लाइट का प्रबंध नहीं है। चोर अंधेरे का लाभ उठाकर वारदात कर रहे हैं। बावल में पहले भी कई चोरियां हो चुकी हैं।
गांव टीकला के लोग सदियों से नहीं करते हैं धूम्रपान, लोगों के लिए बने प्रेरणास्त्रोत
धूम्रपान निषेध दिवस पर गांव टीकला की यकायक याद आई
रेवाड़ी, संवाददाता। रेवाड़ी का एक गांव ऐसा भी है, जहां कोई भी ग्रामीण सदियों से धूम्रपान नहीं करता है। प्राय: गांव में पारम्परिक हुक्का गुड़गड़ाने का आम चलन है। लेकिन इस गांव में हुक्के का भी निषेध है। गांव के बाबा भगवानदास व उनके मंदिर के प्रति ग्रामीणों की दृढ़ आस्था उन्हें धू्रमपान से दूर रखती है। आज धूम्रपान निषेध दिवस पर गांव टीकला की याद यकायक आ जाती है और लोग इसे प्रेरणा स्त्रोत के रूप में देखते हैं।
बाबा भगवानदास का मंदिर
उपमंडल बावल के गांव टीकला में 5 एकड़ के भूखंड में बाबा भगवानदास का प्राचीन मंदिर व समाधि है। यहां प्रतिवर्ष भारी मेला लगता है। जिसमें गांव व आसपास के इलाके से हजारों की संख्या में श्रद्धालु समाधि पर माथा टेकने आते हैं। कहा जाता है कि बाबा भगवानदास का जन्म लगभग एक सदी पूर्व हुआ था। बाबा भगवानदास धूम्रपान व नशे जैसी बुराई के खिलाफ थे। उनकी स्मृति में गांव में बने मंदिर को लेकर धूम्रपान को निषेध माना गया। तभी से लोग इस त्याग को आस्था से जोड़कर धूम्रपान से दूर रहते हैं।
बाबा भगवानदास की विरासत
उक्त मंदिर बाबा भगवानदास टीकला वाले के नाम से क्षेत्र में विख्यात है। उनकी 20 पीढ़ी के वंशज राम टोकस का कहना है कि वह बहुत ही सौभाग्यशाली है कि उनका जन्म भी 2007 में विश्व धूम्रपान दिवस 31 मई को हुआ था। उन्होंने कहा कि सरकार व स्वयंसेवी संस्थाएं धूम्रपान व नशे के खिलाफ जनजागरण करते हुए लाखों करोड़ों रुपये खर्च करती है। लेकिन गांव टीकला ने सदियों पूर्व धूम्रपान निषेध को अपना लिया था और पूरा गांव प्रेरणा का स्त्रोत बन गया। गांव टीकला मंदिर की आस्था के आगे सब नमस्तक है। उन्होंने लोगों से धूम्रपान न करने का संकल्प लेने के साथ-साथ अपील की कि वे इसका त्याग कर स्वस्थ जीवन जीएं।
अतिक्रमण पर कार्रवाई
रेवाड़ी के सेक्टर-5 में अतिक्रमण पर चला बुल्डोजर, विरोध के चलते भारी पुलिस बल तैनात
रेवाड़ी, संवाददाता। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की टीम ने शनिवार को नगर के सेक्टर-5 में बने अतिक्रमणों को बुल्डोजर की मदद से ढहा दिया। इनमें बड़ी संख्या में झुग्गियां भी शामिल हैं। तोड़फोड़ की इस कार्रवाही का सेक्टर के दुकानदरों ने विरोध किया, लेकिन उनकी एक नहीं सुनी गई। इस मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
एचएसवीपी के कार्यकारी अधिकारी ने कहा कि पिछले काफी समय से सेक्टर-5 मंे अवैध निर्माण किये जाने की शिकायतें मिल रही थी। यहां बड़ी संख्या में झुग्गी-झोपड़ी भी बना रखी हैं। विभाग ने अतिक्रमण को लेकर नोटिस भी जारी किये थे। आज समस्त अतिक्रमण व झोपड़ियों को तोड़ दिया गया है। यहां के दुकानदारों का कहना है कि प्रशासन ने तोड़फोड़ की इस कार्रवाई में भी भेदभाव किया है। उन्होंने दुकानदारों के अतिक्रमण व गरीबों की झुग्गिायों को तोड़ दिया, लेकिन गलत तरीके से बनी हुई रोटरी रसोई को उन्होंने छुआ तक नहीं।
महिलाओं का आक्रोश
बिजली-पेयजल संकट से जूझ रही महिलाओं ने डीसी आवास पर दी दस्तक
कहा- तीन दिनों से खरीदकर पी रहे पानी
रेवाड़ी, संवाददाता। बावल के औद्योगिक क्षेत्र स्थित राधा-कृष्ण सोसायटी में रहने वाली महिलाओं ने शनिवार को रेवाड़ी पहुंचकर उपायुक्त के आवास पर अपना दुखड़ा रखा और ज्ञापन सौंपा। महिलाओं ने ज्ञापन सौंपते हुए डीसी को बताया कि पिछले तीन दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच पर्याप्त बिजली व पेयजल का संकट बना हुआ है। सोसायटी के लोग पानी खरीदकर पी रहे हैं। गर्मी में रात गुजारनी मुशिकल हो रही है।
महिलाओं ने कहा कि इसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों को दी गई, लेकिन समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ। जिसके कारण उन्हें डीसी से मिलने के लिए बावल से रेवाड़ी आना पड़ा। उन्होंने कहा कि सोसायटी में 25 किलोवाट क्षमता का ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। लोड ज्यादा होने के कारण बिजली प्राय: बाधित रहती है। यहां 45 किलोवाट क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाया जाना चाहिए। उपायुक्त ने उन्हें समुचित कार्रवाई करने का भरोसा दिया।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


