सोसाइटी के लोगों ने बिल्डर के खिलाफ प्रदर्शन किया

Newswrap हिन्दुस्तान, गुड़गांव
Follow us on Google News
share

गुरुग्राम के सेक्टर-90 में श्रीवर्धमान फ्लोरा सोसाइटी के निवासियों ने बिल्डर के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने सोसाइटी में सीवर शोधन संयंत्र की कमी और फायर उपकरणों की खराब स्थिति पर सवाल उठाए। उद्योग मंत्री ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। प्रदर्शनकारियों ने रजिस्ट्री में देरी और खराब बिजली आपूर्ति की भी शिकायत की।

सोसाइटी के लोगों ने बिल्डर के खिलाफ प्रदर्शन किया

गुरुग्राम, दीपक आहूजा। सेक्टर-90 स्थित श्रीवर्धमान फ्लोरा के निवासियों ने रविवार को उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह के आवास के बाहर बिल्डर के खिलाफ प्रदर्शन किया। नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग की तरफ से सोसाइटी को जारी कब्जा प्रमाण पत्र पर सवाल उठाए। उद्योग मंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। इस रिहायशी सोसाइटी में करीब पौने छह सौ फ्लैट हैं। मौजूदा समय में करीब पौने पांच सौ परिवार इस सोसाइटी में रह रहे हैं। आरोप है कि साल 2020 में फ्लैट का कब्जा बिल्डर ने दिया था। साल 2022 में नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग ने कब्जा प्रमाण पत्र जारी किया।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि उनकी सोसाइटी में सीवर शोधन संयंत्र नहीं है। इसकी जांच किए बिना ही कब्जा प्रमाण पत्र जारी किया गया। यह भी आरोप लगाया कि अधिकांश टावर में फायर उपकरणों की कमी है। फिर भी हर साल अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी कर दिया जाता है। टावर नंबर बी-पांच में तो फायर उपकरण बदहाल अवस्था में हैं। प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि अब तक सिर्फ 10 प्रतिशत फ्लैट की रजिस्ट्री हुई है। रजिस्ट्री होती है तो हरियाणा सरकार को स्टांप ड्यूटी मिलेगी, लेकिन बिल्डर की मनमानी से सोसाइटी निवासी परेशान हैं। इससे हरियाणा सरकार को भी स्टांप ड्यूटी का नुकसान हो रहा है। आरोप लगाया कि इस बिल्डर ने क्लब बनाने का वायदा किया था, जिसे अब तक पूरा नहीं किया। आरोप लगाया कि उनकी सोसाइटी में बिजली सप्लाई ग्रामीण आंचल से आती है। पूरे दिन में 10 से 12 घंटे बिजली मिलती है। बिजली कट होने पर जनरेटर पर आश्रित होना पड़ता है। जनरेटर की क्षमता भी कम है। यह भी आरोप लगाया कि सीवर शोधन संयंत्र नहीं होने से सीवर का गंदा पानी टैंकरों से जाता है। टैंकरों से पानी छलकता हुआ जाता है। इससे सोसाइटी का वातावरण प्रदूषित हो गया है। प्रदर्शनकारियों ने उद्योग मंत्री से समस्याओं का समाधान करवाने का आग्रह किया। इस मौके पर आरडब्ल्यूए प्रधान नरेश यादव, महासचिव राम शर्मा, उपप्रधान संदीप राणा के अलावा कंचन गुप्ता, गौरव गुप्ता, राहुल वर्मा, गौरव लखानी आदि मौजूद थे।-

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।