
सेक्टर-110ए की बदहाल सड़कों की मरम्मत की तैयारी
गुरुग्राम के सेक्टर-110ए की खराब सड़कों की मरम्मत का कार्य शुरू होगा। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने इसके लिए टेंडर जारी किया है, जिसमें सवा करोड़ रुपये की लागत आएगी। क्षेत्र में लगभग 300 परिवार रह रहे हैं और सड़कों की स्थिति के कारण उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
गुरुग्राम, कार्यालय संवाददाता। द्वारका एक्सप्रेसवे स्थित सेक्टर-110ए की बदहाल अंदरुनी सड़कों की मरम्मत की जाएगी। इसको लेकर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने टेंडर जारी कर दिया है। इनकी मरम्मत में करीब सवा करोड़ रुपये की लागत आएगी। इस सेक्टर में मौजूदा समय में करीब 300 परिवार रह रहे हैं। सेक्टर की 80 प्रतिशत सड़कों की हालत खराब हो चुकी है। इस वजह से वाहन चालकों को असुविधाओं का सामना करना पड़ता है। सड़कों पर गड्ढे होने के चलते बुजुर्गों के गिरने की संभावना रहती है। आरडब्ल्यूए की तरफ से पिछले कुछ महीनों से एचएसवीपी कार्यालय के चक्कर काटे जा रहे थे।
एचएसवीपी प्रशासक से भी आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने मुलाकात की थी। इसके मद्देनजर एचएसवीपी ने टेंडर जारी किया है। 21 जनवरी को टेंडर को खोला जाएगा। इसके बाद आवंटन की प्रक्रिया को शुरू किया जाएगा। टेंडर आवंटन के बाद करीब सात महीने के अंदर सड़कों को गड्ढामुक्त करने का दावा किया है। स्थानीय निवासी प्रदीप और अनिल ने बताया कि 10 साल पहले सड़कों का निर्माण हुआ था। अब इनकी हालत खराब हो चुकी है। सड़कों पर गड्ढे बने हुए हैं। रोहड़ियां निकली हुई हैं। इसकी वजह से दुपहिया वाहनों के स्लिप होने का खतरा बना रहता है। इनके बनने के बाद राहत मिलेगी। सेक्टर-110ए की अधिकांश सड़कों की हालत खराब है। रोहड़ियां निकली हुई हैं। गड्ढे हो गए हैं। इस वजह से दुपहिया वाहनों के स्लिप होने का खतरा बना रहता है। बुजुर्गों के गिरने की संभावना रहती है। कुछ महीनों से एचएसवीपी अधिकारियों से शिकायत कर रहे थे। अब उन्होंने सुध ले ली है। सड़कों की मरम्मत के लिए टेंडर जारी कर दिया है। इनके बनने के बाद सेक्टरवासियों को राहत मिलेगी। - झाबर सिंह, प्रधान, आरडब्ल्यूए, सेक्टर-110ए सेक्टर-110ए की सड़कों की मरम्मत के लिए टेंडर जारी कर दिया है। एक सप्ताह के बाद टेंडर की तकनीकी और वित्तीय बिड को खोलकर आवंटन की प्रक्रिया को शुरू किया जाएगा। मार्च माह की शुरुआत से सड़कों की मरम्मत का कार्य शुरू हो जाएगा। प्रयास रहेगा कि अतिशीघ्र इस सेक्टर की सड़कों को गड्ढामुक्त कर दिया जाए। - अनिल कुमार, कार्यकारी अभियंता, एचएसवीपी

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




