Gurgaon News: रक्षाबंधन को लेकर बाजारों में खरीदारों की रौनक
Gurgaon News: रक्षाबंधन की तैयारी: -बाजारों में प्राकृतिक और पारंपरिक राखियों की मांग -चंदन, रुद्राक्ष, मोती, रेश्मी समेत अन्य राखियां आकर्षित -बाजार में 10 से 1500

Gurgaon News: गुरुग्राम, अमर मौर्य। रक्षाबंधन को लेकर मिलेनियम सिटी के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। मॉल से लेकर बाजारों में राखी की दुकानों पर बहनों की भीड़ दिखाई दे रही है। इस बार पारंपरिक राखियों के साथ प्राकृतिक सामग्री और धार्मिक थीम वाली राखियों की विशेष मांग है। दुकानदारों ने कहा कि चंदन, रुद्राक्ष, मोती, कान्हा, त्रिशूल और विभिन्न स्टोन से बनी राखियां लोगों को आकर्षित कर रही हैं। इनमें आकर्षक डिजाइन के साथ स्वदेशी और टिकाऊ सामग्री का उपयोग किया गया है।
बाजारों में खरीदारी बढ़ी
गुरुग्राम मॉल से लेकर सदर बाजार, नया बाजार, जैकबपुरा, रेलवे रोड और सेक्टरों के बाजारों में चंदन और प्राकृतिक राखियां सबसे अधिक पसंद की जा रही हैं। चंदन की मनमोहक खुशबू और प्राकृतिक स्वरूप के कारण बहनें इन्हें भाई की कलाई के लिए चुन रही हैं। दुकानदारों ने कहा कि चंदन से बनी राखियां पर्यावरण अनुकूल और त्वचा के लिए भी बेहतर विकल्प हैं। इनकी बिक्री में अच्छी वृद्धि देखने को मिल रही है। बाजार में 10 से 1500 रुपये तक की राखियां उपलब्ध हैं। राखी विक्रेता संतोष कुमार ने कहा कि रक्षाबंधन त्योहार नजदीक आने पर खरीदारों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।
पारंपरिक वाली राखियां आकर्षण का केंद्र
सदर बाजार में पांरपरिक से लेकर धार्मिक आस्था से जुड़े डिजाइन भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इसमें रक्षाबंधन स्टोन, अमेरिकन डायमंड, और बच्चों के लिए कार्टून व लाइट्स वाली फैंसी राखियों की सबसे ज्यादा मांग है। पारंपरिक मौली और रेश्मी धागों के साथ कंगन और ब्रेसलेट स्टाइल वाली डिजाइनर राखियां भी बाजार के आकर्षण का मुख्य केंद्र बनी हुई हैं।
कम कीमत वाली पारंपरिक राखियों की मांग
दुकानदारों ने कहा कि इस बार बाजार में हर वर्ग के खरीदारों के लिए राखियां हर दाम उपलब्ध है। कम कीमत वाली पारंपरिक राखियों के साथ उत्कृष्ट डिजाइन और प्राकृतिक सामग्री से तैयार राखियां भी खरीदारों को पसंद आ रही हैं। बहनें अपनी पसंद और भाई की व्यक्तित्व शैली के अनुसार राखियां खरीद रही हैं। बाजारों में राखियों के साथ उपहार पैक, मिठाई और अन्य उपहार सामग्री की खरीदारी भी शुरू हो गई है।
खरीदारी का तरीका पहले से बदला
रक्षाबंधन त्योहारों की खरीदारी का तरीका पहले से बदलता हुआ दिखाई दे रहा है। अब लोगों को राखी, मिठाई, चॉकलेट, फूल और गिफ्ट पैक खरीदने के लिए बाजार जाने की जरूरत नहीं पड़ रही है। शहर में ऑनलाइन के विभिन्न प्लेटफॉर्म के माध्यम से घर बैठे कुछ ही मिनटों में जरूरी सामान मंगाने का चलन बढ़ रहा है। आखिरी समय में खरीदारी करने वाले लोगों के लिए यह सुविधा बाजार की भीड़ और पार्किंग की समस्या से बचने का आसान विकल्प बन गई है।

