घोड़ागाड़ी पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मार्च किया
गुरुग्राम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की अगुवाई प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने की। कार्यकर्ताओं ने घोड़ागाड़ी पर सवार होकर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों का विरोध करते हुए नेताओं ने ज्ञापन सौंपा।

गुरुग्राम, अमर मौर्य। बढ़ती महंगाई को लेकर शनिवार को गुरुग्राम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से आयोजित विरोध मार्च में कार्यकर्ताओं ने घोड़ागाड़ी पर सवार होकर भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। आम आदमी की परेशानियों को प्रतीकात्मक अंदाज में सामने रखा। प्रदर्शन की अगुवाई प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने की। ताऊ देवीलाल स्टेडियम गेट से शुरू हुआ प्रदर्शन लघु सचिवालय तक पहुंचा। जहां कांग्रेस नेताओं ने एसडीएम हितेंद्र शर्मा को ज्ञापन सौंपा। पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी और नीट परीक्षा पेपर लीक मामले में आक्रोश जताया।
घोड़ागाड़ी बनी विरोध का प्रतीक
कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने घोड़ागाड़ी पर बैठकर यह संदेश देने की कोशिश की कि पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी की जिंदगी को पीछे धकेल दिया है। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि महंगाई ने गरीब, किसान, मजदूर, मध्यम वर्ग और छोटे कारोबारियों का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल और गैस सिलेंडर की लगातार बढ़ती कीमतों का सीधा असर रोजमर्रा की जरूरतों और परिवहन खर्च पर पड़ रहा है।
देश में युवाओं का भविष्य भी सुरक्षित नहीं : राव नरेंद्र सिंह
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ जनता महंगाई से परेशान है, वहीं दूसरी तरफ युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों ने आम परिवार की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। भाजपा सरकार जनता को राहत देने के बजाय लगातार आर्थिक बोझ बढ़ा रही है। दूसरी ओर नीट पेपर लीक जैसे मामलों ने देश के मेहनती युवाओं का विश्वास तोड़ा है। सरकार न महंगाई रोक पा रही है और न ही परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता बनाए रख पा रही है।
सड़कों पर संघर्ष करती रहेगी कांग्रेस:
कांग्रेस जनता की आवाज बनकर सड़कों पर संघर्ष करती रहेगी। महंगाई व भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा। कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष वर्धन यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से हर वर्ग परेशान है। प्रदर्शन में पंकज भारद्वाज, अनिल धानक, कुलराज कटारिया, चौधरी संतोख सिंह, नीरज यादव, सतबीर पहलवान, योगेश यादव, सतपाल भारद्वाज, शैलजा भाटिया, सुनीता वर्मा, सूबे सिंह यादव, राज कुमार यादव, राकेश यादव, संजय भारद्वाज आदि मौजूद रहे।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


