Gurgaon News: अतिथि अध्यापकों का प्रदर्शन, डीसी कार्यालय घेरा
Gurgaon News: 10 साल की नीति के तहत अतिथि अध्यापकों के नियमितीकरण के विरोध में प्रदर्शन हुआ। शिक्षकों ने उपायुक्त कार्यालय का घेराव करके सरकार पर अनदेखी का आरोप लगाया और तीन साल की नीति को लागू करने की मांग की। यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो 10 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन धरना देने की चेतावनी दी।

Gurgaon News: 10 साल की नीति के तहत नियमित करने का विरोध, बोले- तीन साल की नीति लागू नहीं हुई तो 10 अक्तूबर से मुख्यमंत्री आवास पर अनिश्चितकालीन धरना गुरुग्राम, साक्षी रावत। अतिथि अध्यापकों को नियमित करने की नीति को लेकर सोमवार को एक बार फिर विरोध प्रदर्शन हुआ। शिक्षा विभाग में व्यक्तिगत सुनवाई के लिए पहुंचे अतिथि अध्यापकों ने जिला उपायुक्त कार्यालय का घेराव किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर तीन साल की नीति के तहत उन्हें नियमित करने की मांग की।राजकीय अनुबंधित अध्यापक संघ के जिला प्रधान सुनील कुमार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में अतिथि अध्यापक उपायुक्त कार्यालय पहुंचे।
इस दौरान शिक्षकों ने सरकार पर उनकी मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सरकार यदि 10 साल की नीति के तहत उन्हें नियमित करने की दिशा में आगे बढ़ती है तो वे इसका विरोध करेंगे। अतिथि अध्यापकों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को चेतावनी देते हुए कहा कि तीन साल की नीति को लागू नहीं किया गया तो 10 अक्तूबर से मुख्यमंत्री आवास के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। महिला अतिथि अध्यापकों ने कहा कि वे अपना सामान लेकर मुख्यमंत्री आवास के बाहर बैठने के लिए तैयार हैं। जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। अतिथि अध्यापकों का कहना है कि सरकार जिस तीन साल की नीति को नजरअंदाज कर रही है, उसे लेकर न्यायालय से भी पहले मंजूरी मिल चुकी है। उनका दावा है कि इस नीति के तहत नियमित होने से लंबे समय से सेवाएं दे रहे अतिथि अध्यापकों को लाभ मिलेगा। वहीं, उनका आरोप है कि सरकार दस साल की नीति के तहत नियमित करने की तैयारी कर रही है, जिसका वे विरोध कर रहे हैं।

