ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCR गुरुग्रामकर नहीं देने वाले 150 लोगों की संपत्ति नीलामी का नोटिस

कर नहीं देने वाले 150 लोगों की संपत्ति नीलामी का नोटिस

गुरुग्राम। कार्यालय संवाददाता। नगर निगम ने कर नहीं भरने वाले लोगों के खिलाफ कड़ा एक्शन लेना शुरू कर दिया है। नगर निगम 12 नवंबर से लेकर अभी तक तीन...

कर नहीं देने वाले 150 लोगों की संपत्ति नीलामी का नोटिस
हिन्दुस्तान टीम,गुड़गांवThu, 02 Dec 2021 07:20 PM
ऐप पर पढ़ें

गुरुग्राम। नगर निगम ने कर नहीं भरने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। निगम ने तीन कॉलोनी के 150 लोगों की संपत्ति नीलामी का नोटिस दिया है। इसमें शीतला कॉलोनी, गुड़गांव गांव, अशोक विहार फेज-3 एरिया शामिल है। नोटिस मिलने के बाद संपत्ति मालिकों में हड़कंप मच गया है।

निगम के अनुसार बार-बार नोटिस देकर इन प्रॉपर्टी मालिकों को चेताया था, लेकिन प्रॉपर्टी सील हो जाने के बाद भी लोगों ने कर नहीं भरा। नगर निगम की तरफ से 12 नवंबर को इन सभी को प्रॉपर्टी की नीलामी करने के लिए नोटिस भेजे गए हैं। पांच से दस लाख रुपये तक का बकाया है। इस तरह से करोड़ों रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है। राशि वसूलने के लिए निगम की टीम की तरफ से लोगों को बकायदा बिल थमाया गया था।

नोटिस के विरोध में आए लोग:

लोगों ने नगर निगम के नोटिस का विरोध शुरू कर दिया है। शीतला कॉलोनी के राकेश कुमार ने कहा कि 500 वर्ग गज का प्लॉट खाली पड़ा है, जो निगम ने 900 मीटर एरिया का बताकर निर्माण करने से रोक दिया है। यहां पर कृषि कार्य हो रहा है तो टैक्स किस बात का दिया जाए। निगम अधिकारी दफ्तर में बैठकर पांच लाख रुपये का बकाया संपत्तिकर का नोटिस भेज देते हैं।

गुमराह करने के लिए नोटिस:

मनोज शर्मा ने कहा कि शीतला कॉलोनी में 500 वर्ग गज पर पुराना मकान है। निगम न तो बिल्डिंग प्लान पास कर रहा है और न ही निर्माण करने दे रहा है। टैक्स नहीं देने पर नीलामी का नोटिस भेजा हुआ है। निगम अधिकारियों को यह नहीं पता कि जमीन की खरीद फरोख्त नहीं हो सकती है तो नीलामी कैसे होगी। निगम गुमराह करने के लिए नोटिस भेजकर वसूली करना चाह रहा है। निगम कोर्ट के आदेश पर भी पानी-सड़क की सुविधा नहीं दे रहा है।

सीलिंग के लिए टीम बनी:

नगर निगम ने सभी चार जोन में कार्रवाई के लिए टीम गठित की हुई है। एक टीम में पांच से छह सदस्य हैं। कर नहीं देने वालों की सूची तैयार कर ली गई है। गुरुग्राम में करीब 80 हजार से अधिक लोगों को टैक्स नहीं भरने पर नोटिस जारी किया गया है। निगम की तरफ से सख्त आदेश जारी किए गए हैं कि यदि कोई व्यक्ति नोटिस के बाद भी टैक्स नहीं भर रहा है तो उसके खिलाफ पहले सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद भी टैक्स नहीं भरता है तो उसकी प्रॉपर्टी को नीलाम किया जाएगा।

खाली प्लॉट का भी देना होगा टैक्स

संपत्तिकर नहीं देने पर क्षेत्रीय कराधान टीम प्रॉपर्टी जब्त करेगी। प्रॉपर्टी की नीलामी कर निगम बकाया राशि वसूल करेगा। खाली प्लॉट है तो भी कर देना पड़ेगा। टैक्स बिल में गड़बड़ी है तो उसकी आपत्ति दर्ज कराने पर उसे ठीक किया जा रहा है।

संजीव सिंगला, संयुक्त आयुक्त-2 नगर निगम

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें