Hindi NewsNcr NewsGurgaon NewsPollution from Sewage in Gurugram s Jahajgarh Villages Threatens Yamuna River
गांव जहाजगढ़ का तीन एमएलडी पानी बिना शोधित यमुना में जा रहा

गांव जहाजगढ़ का तीन एमएलडी पानी बिना शोधित यमुना में जा रहा

संक्षेप:

गुरुग्राम के जहाजगढ़ गांव का तीन एमएलडी गंदा पानी यमुना को प्रदूषित कर रहा है, जबकि यहां जीएमडीए का सीवर शोधन संयंत्र तैयार है। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रदूषण रोकने के लिए नियमित बैठकें आयोजित की जाएं और समय सीमा निर्धारित की जाए।

Dec 04, 2025 11:24 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गुड़गांव
share Share
Follow Us on

गुरुग्राम, कार्यालय संवाददाता। द्वारका एक्सप्रेसवे के समीप स्थित गांव जहाजगढ़ का तीन एमएलडी (मिलियन लीटर प्रतिदिन) सीवर का गंदा पानी यमुना को प्रदूषित कर रहा है। यह स्थिति तब है, जब इस गांव में गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) का सीवर शोधन संयंत्र है। यह खुलासा जीएमडीए के इंजीनियर की तरफ से मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी के समक्ष रखी रिपोर्ट में हुआ है। बुधवार को यमुना प्रदूषण को लेकर मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में बैठक हुई थी। इस बैठक में जीएमडीए की तरफ से बरसाती नाला नंबर दो में हो रहे प्रदूषण को लेकर एक रिपोर्ट रखी गई। रिपोर्ट में सामने आया है कि गांव जहाजगढ़ में 20 एमएलडी क्षमता का सीवर शोधन संयंत्र करीब 32 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जा चुका है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

एक साल से यह संयंत्र तैयार है, जिसके बावजूद इस गांव का गंदा पानी इस संयंत्र तक नहीं पहुंच चुका है। गंदा पानी, बरसाती नाला नंबर दो के माध्यम से यमुना को प्रदूषित कर रहा है। इसमें बताया गया कि करीब 75 एमएलडी पानी बिना शोधित हुए यमुना में जा रहा है। इसमें सबसे अधिक पानी बादशाहपुर नाले के माध्यम से जा रहा है। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने इस मामले में मंडलायुक्त को निर्देश जारी किए हैं कि यमुना को प्रदूषण से बचाने के लिए हर महीने में दो बैठक नगर निगम, जीएमडीए, एचएसआईआईडीसी और प्रदूषण विभाग के अधिकारियों के साथ की जाए। यमुना में गंदा पानी जाने से रोकने के बंदोबस्त की टाइम लाइन इन विभागों के अधिकारियों से ली जाए। निर्धारित समयावधि में काम नहीं होने पर जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब तलब किया जाएगा। जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा ने कहा कि यमुना में प्रदूषित पानी जाने से रोकने के पर्याप्त बंदोबस्त किए जाएंगे। सीवर शोधन संयंत्र की क्षमता को बढ़ाया जाएगा। गंदे पानी को सीवर शोधन संयंत्र तक पहुंचाया जाएगा। इस सिलसिले में नगर निगम के अधिकारियों के साथ जल्द बैठक की जाएगी।