Gurgaon News: लापरवाही से खुद पर गोली चलाने का आरोपी गिरफ्तार
Gurgaon News: रेवाड़ी। ऑपरेशन ट्रैक डाउन के तहत थाना जाटूसाना पुलिस ने अवैध हथियार रखने व लापरवाही से खुद पर गोली चलाने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आ

Gurgaon News: रेवाड़ी, अशोक वधवा। ऑपरेशन ट्रैक डाउन के तहत थाना जाटूसाना पुलिस ने अवैध हथियार रखने व लापरवाही से खुद पर गोली चलाने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान महेश निवासी गांव मोतला खुर्द के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध पिस्टल व एक खाली खोल बरामद किया है। जांचकर्ता ने बताया कि गत 18 जुलाई को थाना जाटूसाना पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि गांव मोतला खुर्द निवासी महेश को संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगी है। इसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अस्पताल पहुंचकर जांच शुरू की।
परिजनों ने महेश को गंभीर हालत में इलाज के लिए गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। उपचार के दौरान पुलिस को दिए अपने बयानों में महेश ने खुलासा किया कि कुछ दिन पहले वह अपने खेत में घूमने गया था, जहां खेत में उसे एक लावारिस पिस्टल पड़ी मिली। उसने इस बात की जानकारी किसी को नहीं दी। पिस्टल को चुपचाप लाकर अपने घर के लॉकर में छिपा दिया। 18 जुलाई को जब वह कमरे में अकेला था, तब वह पिस्टल को निकाल कर देख रहा था। इसी दौरान पिस्टल से अचानक फायर हो गया। गोली उसकी छाती में जा लगी।मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना जाटूसाना पुलिस ने तुरंत प्रभाव से आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी के मकान पर दबिश देकर घटना में प्रयुक्त अवैध पिस्टल और मौके से एक खाली खोल बरामद किया। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के उपरांत थाना जाटूसाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बीती शाम को आरोपी महेश को अवैध हथियार रखने और लापरवाही बरतने के आरोप में विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महेश के खिलाफ पहले भी जिला फरीदाबाद के थाना खेडी पुल में हत्या का एक मामला दर्ज हैं।


