चोरी के प्रयास में दो और आरोपी गिरफ्तार
रेवाड़ी में पुलिस ने लगभग चार साल पहले हुए पिकअप गाड़ी, ट्रैक्टर और पशु चोरी के प्रयास में दो नए आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान बाबूलाल और सुधीर के रूप में हुई है। पहले से गिरफ्तार दो आरोपियों के साथ अब कुल चार गिरफ्तारी हुई है। मामले की जांच जारी है।

रेवाड़ी, अशोक वधवा। थाना खोल पुलिस ने लगभग चार साल पहले गांव खोल में रात के समय पिकअप गाड़ी, ट्रैक्टर व पशु चोरी का प्रयास करने के मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान राजस्थान के जिला कोटपुतली बहरोड़ के नानगवास निवासी बाबूलाल व सुधीर के रूप में हुई है। पुलिस इस मामले में दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। जांचकर्ता पुलिस अधिकारी ने कहा कि 19 अक्टूबर, 2022 को गांव खोल निवासी नरेंद्र कुमार ने शिकायत दी थी कि वह अपने परिवार के साथ खेतों में मकान बनाकर रहता है। रात के समय जब वह उठा तो उसने पिकअप का दरवाजा बंद होने की आवाज सुनी।
उसने बाहर निकलकर देखा तो एक आदमी पिकअप में चालक की सीट पर बैठा था। दो आदमी उसके ट्रैक्टर पर बैठे हुए थे। इसी दौरान उसने शोर मचा दिया। उसका पड़ोसी गजेंद्र शोर सुनकर ट्रैक्टर लेकर वहां पहुंच गया। इसी दौरान चोर अपनी पिकअप में बैठकर भागने लगे। आगे चलकर पिकअप गाड़ी खेत में फंस गई। आरोपी पिकअप छोड़कर फरार हो गए। पड़ौसी अशोक ने बताया कि चोरों ने रात को उसकी व उसके पड़ोसी की भैंस चोरी करने का प्रयास किया था। भैंस पिकअप में चढ़ाते समय उसकी आंख खुल गई, जिसके बाद आरोपी खेतों की ओर भाग गए। जिस पर पुलिस ने थाना खोल में चोरी के प्रयास का मामला दर्ज करके मामले में संलिप्त दो आरोपी अजरुद्दीन व रफीक को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। अब इस मामले में पुलिस ने बाबूलाल व सुधीर को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


