ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCR गुरुग्रामएक सप्ताह में मिलेगी हरियाणा में फिल्म शूटिंग की अनुमति

एक सप्ताह में मिलेगी हरियाणा में फिल्म शूटिंग की अनुमति

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शुक्रवार को हरियाणा फिल्म नीति का विमोचन किया। नीति बनने से हरियाणा में फिल्म उद्योग को बल मिलेगा। खासतौर से हरियाणवी विषयों पर फिल्मों का निर्माण हो सकेगा। वहीं हरियाणवी...

एक सप्ताह में मिलेगी हरियाणा में फिल्म शूटिंग की अनुमति
हिन्दुस्तान टीम,गुड़गांवFri, 26 Oct 2018 08:35 PM
ऐप पर पढ़ें

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शुक्रवार को हरियाणा फिल्म नीति का विमोचन किया। नीति बनने से हरियाणा में फिल्म उद्योग को बल मिलेगा। खासतौर से हरियाणवी विषयों पर फिल्मों का निर्माण हो सकेगा। हरियाणवी कलाकारों को अधिक से अधिक अवसर मिलेंगे।

नीति का विमोचन करते हुए मुख्यमंत्री ने साफ तौर पर कहा कि अब फिल्मों की शूटिंग के लिए कोई लंबी प्रक्रिया नहीं होगी। बल्कि एक सप्ताह के अंदर सभी औपचारिकताओं को पूरा कर अनुमति दे दी जाएगी।

गौरतलब है कि हरियाणा में पहली बार फिल्मों के निर्माण और शूटिंग संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए फिल्म नीति बनाई गई है। इसके लिए हरियाणा सरकार ने वेबसाइट भी शुरू कर दी है। इस मौके पर राज्य के शिक्षा मंत्री राम बिलास शर्मा ने कहा कि इस नीति से हरियाणा की संस्कृति के संवर्धन को बढ़ावा मिलेगा। काफी समय से यहां फिल्म नीति की जरूरत थी, कई बार मांग भी उठी। राज्य सरकार ने इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए फिल्म नीति घोषित की है।

रोजगार बढ़ेगा

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि फिल्म नीति का परोक्ष और अपरोक्ष असर देखने को मिलेगा। इससे लोगों का मनोरंजन तो होगा ही, पर्यटन और रोजगार के भी खूब अवसर आएंगे। यह नीति हरियाणवी संस्कृति को आगे बढ़ाने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार पहले से हरियाणवी सभ्यता एवं संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए काम कर रही है। नई फिल्म नीति भी इसी का एक हिस्सा है। उन्होंने कहा कि इस नीति का मुख्य उद्देश्य हरियाणा में अधिक से अधिक फिल्मों के निर्माण का माहौल देना है। यह नीति इस उद्देश्य को पूरा करने में कारगर साबित होगी।

मुंबई में भी होगी लांचिंग

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें खुद फिल्म देखने का शौक है। लेकिन बचपन में ही फिल्म देखी है, अब तो मौका ही नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि सिनेमा देश की एकता और अखंडता का परिचायक है। हरियाणा में पहले भी कई फिल्में बनी है और देश हरियाणा की संस्कृति को देखना और समझना चाहता है। इसलिए जल्द ही फिल्म की एक लांचिंग मुंबई में भी कराई जाएगी। इससे बॉलीवुड के हर कलाकार और निदेशकों को इसकी जानकारी मिलेगी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें