गुरुग्राम। देश में फिर कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी राज्यों को निर्देश देते हुए विदेश से लौटने वाले यात्रियों की विशेष स्क्रीनिंग करने को कहा है। यूनाइटेड किंगडम, ब्राजील और साउथ अफ्रीका से आने वाले यात्रियों पर विशेष ध्यान रखा जा रहा है। नई गाइडलाइन के अनुसार सभी जिला स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को इन तीन देशों से लौटने वाले यात्रियों की सात दिन बाद फिर आरटीपीसीआर जांच करवाने के निर्देश दिए गए हैँ।
नए दिशा-निर्देशों में यह कहा गया है कि जो भी यात्री ब्राजील, यूनाइटेड किंगडम और साउथ अफ्रीका से लौट कर वापस भारत आएगा, उनकी पहले एयरपोर्ट पर ही आरटीपीसीआर जांच की जाएगी। पॉजिटिव पाए जाने वालों को वहीं से आइसोलेशन सेंटर भेज दिया जाएगा। जबकि निगेटिव पाए जाने वालों को भी सात दिन तक अपने घर पर क्वारंटाइन रहना होगा। सात दिन पूरे होने पर संबंधित जिले का स्वास्थ्य विभाग उन यात्रियों के नमूने लेकर दोबारा आरटीपीसीआर जांच करवाएगा। यदि इसमें कोई पॉजिटिव पाया जाता है, तो उसे आइसोलेशन में रखा जाएगा। साथ ही उसके नमूने लेकर कोरोना के नए वायरस का पता लगाने के लिए उसे होल जिनोम सिक्वेंसिंग जांच के लिए भी भेजा जाएगा। सिविल सर्जन डॉ. वीरेंद्र यादव ने बताया कि सरकार की हिदायतानुसार विदेश से लौटने वाले यात्रियों की विशेष निगरानी की जाएगी। सात दिन बाद उनकी दोबारा आरटीपीसीआर जांच भी करवाई जाएगी।