चोरी की पिकअप और हथियारों के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
पलवल में एंटी नारकोटिक्स स्टाफ ने चोरी की पिकअप गाड़ी और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपियों का संबंध चोरी की गाड़ियों के पार्ट्स बेचने के नेटवर्क से है।

पलवल। एंटी नारकोटिक्स स्टाफ पलवल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की पिकअप गाड़ी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा और जिंदा कारतूस भी बरामद किया। दोनों के खिलाफ शहर थाना पलवल में केस दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई पुलिस के चल रहे होगा हर अपराधी का हिसाब अभियान के तहत की गई। एएनसी स्टाफ ने पलवल-हथीन रोड पर नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध पिकअप को रोककर जांच की। जांच में सामने आया कि पिकअप पर लगे नंबर दिल्ली के हैं। वाहन मालिक से संपर्क करने पर पता चला कि यह गाड़ी पहले ही चोरी हो चुकी है और इस संबंध में पहाड़गंज थाने में मामला दर्ज है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद अली निवासी मालूका, हथीन और मोहम्मद इनाम निवासी नगीना, नूंह के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान मोहम्मद अली के पास से जिंदा कारतूस और नकदी बरामद हुई, जबकि मोहम्मद इनाम के पास से देसी कट्टा मिला। एएनसी स्टाफ प्रभारी निरीक्षक विश्व गौरव ने बताया कि पुलिस ने चोरी की पिकअप, हथियार और अन्य सामान कब्जे में ले लिया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे चोरी की गाड़ियों को काटकर उनके पार्ट्स बेचते थे। पुलिस दोनों को रिमांड पर लेकर पूरे गिरोह का पता लगाएगी। अधिकारियों ने कहा कि इस नेटवर्क से जुड़े किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


