
ओएसबी समूह के प्रबंध निदेशक और उसकी पत्नी पर मुकदमा दर्ज
गुरुग्राम में ओशियन सेवन बिल्डटैक प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक स्वराज सिंह यादव, उनकी पत्नी और एक वकील के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है। बायर्स एसोसिएशन ने आरोप लगाया है कि बिल्डर ने परियोजना को समय पर पूरा नहीं किया और फ्लैट खरीदारों को धोखा दिया। ईडी ने स्वराज सिंह यादव को गिरफ्तार किया है।
गुरुग्राम, कार्यालय संवाददाता। ओशियन सेवन बिल्डटैक प्राइवेट लिमिटेड (ओएसबी समूह) के प्रबंध निदेशक स्वराज सिंह यादव, उनकी धर्मपत्नी सुनीता स्वराज यादव और इस समूह के एक वकील के खिलाफ थाना बजघेड़ा में मामला दर्ज हुआ है। यह मुकदमा सेक्टर-109 स्थित ओएसबी एक्सप्रेसवे टावर्स बायर्स एसोसिएशन की शिकायत पर दर्ज हुआ है। बायर्स एसोसिएशन ने शिकायत में कहा है कि ओएसबी समूह ने हरियाणा सरकार की किफायती आवास योजना के तहत लाइसेंस लेकर साल 2016 में ओएसबी एक्सप्रेसवे टावर्स रिहायशी परियोजना को शुरू किया था। इसमें 1089 फ्लैट हैं। फ्लैट खरीदारों को साल 2022 में कब्जा देना था, लेकिन साल 2025 में भी 60 से 70 प्रतिशत निर्माण हुआ है।

आरोप है कि इस समूह ने रिहायशी परियोजना को पूरा किया नहीं। फर्जी तरीके से फ्लैट खरीदारों के आवंटन को रद्द करके किसी अन्य को बेच दिया है। आरोप लगाया कि समाचार पत्रों में आवंटन रद्द करने के फर्जी विज्ञापन प्रकाशित किए हैं। आरोप लगाया कि फ्लैट खरीदारों पर दबाव बनाने और डराने के लिए उन्हें करोड़ों रुपये के कानूनी नोटिस भेजे। निर्माणाधीन साइट पर बाउसंर और बंदूकधारी तैनात किए गए। आरोप लगाया कि फ्लैट खरीदारों से वसूली गई धन राशि का दुरुपयोग किया। हरेरा एस्क्रो खाते से रुपये निकालकर शेल कंपनियों के माध्यम से धन की हेराफेरी की है। अवैध रूप से कार पार्किंग बेची गई है। पुलिस ने इस सिलसिले में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। निर्माणाधीन साइट पर बैठक हुई रविवार को ओएसबी एक्सप्रेसवे टावर्स बायर्स एसोसिएशन की एक बैठक निर्माणाधीन साइट पर हुई। इसमें करीब 100 फ्लैट खरीदारों ने हिस्सा लिया। फ्लैट खरीदार राजबीर सिंह के मुताबिक इस बिल्डर ने ओएसबी एक्सप्रेसवे टावर्स के साथ-साथ सेक्टर-69 स्थित ओएसबी गोल्फ हाइट्स, सेक्टर-70 स्थित ओएसबी वेनेटियन के फ्लैट खरीदारों के साथ भी धोखाधड़ी की है। यह दोनों रिहायशी परियोजनाएं भी अब तक पूरी नहीं हुई हैं। ईडी ने बिल्डर को गिरफ्तार किया प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), दिल्ली ने ओएसबी समूह के प्रबंध निदेशक स्वराज सिंह यादव को गत 13 नवंबर की रात को गुरुग्राम के सेक्टर-57 से गिरफ्तार किया था। रिमांड के बाद फिलहाल प्रबंध निदेशक तिहाड़ जेल में बंद हैं। फ्लैट खरीदारों ने बताया कि दो दिन पहले ईडी के अधिकारी इस बिल्डर को ओएसबी एक्सप्रेसवे टावर्स पर लेकर पहुंचें थे, जहां इस सोसाइटी से जुड़ी जानकारी उससे ली गई थी। इससे पहले इस बिल्डर पर तीन मुकदमे दर्ज हैं। इसकी पत्नी सुनीता स्वराज यादव पर पहली बार मुकदमा दर्ज हुआ है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




