युवा राजनीति में शॉर्टकट से बचें, यह मैराथन है : नितिन नवीन
गुरुग्राम में राष्ट्रीय युवा दिवस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन ने युवाओं को शॉर्टकट से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि राजनीति एक लंबी मैराथन है और युवाओं को नेतृत्व के लिए आगे आना चाहिए। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वंशवाद की जगह योग्यता की पूजा की बात कही।
गुरुग्राम। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन ने युवाओं को शॉर्टकट से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि राजनीति 100 मीटर की दौड़ नहीं, बल्कि एक लंबी मैराथन है। युवाओं को नेतृत्व के लिए आगे आना होगा। नवीन सोमवार को गुरुग्राम में स्वामी विवेकानंद जयंती पर आयोजित राष्ट्रीय युवा दिवस कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा आज कई पार्टी पार्ट टाइम राजनीति करती हैं, लेकिन भाजपा कार्यकर्ता कर्मठता से फुल टाइम राजनीति करते हैं। उन्होंने कहा कि शॉर्टकट परेशानी का कारण बनता है। पूरी ताकत और धैर्य के साथ सही दिशा के साथ हमें आगे बढ़ना है।
आज हम इस बात के साक्षी हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के युवाओं को प्रेरणा और नेतृत्व दिया है। सभी को मिलकर विकसित भारत बनाना है। इससे पहले गुरुग्राम पहुंचने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन का भव्य स्वागत किया। नितिन नवीन ने कहा कि कुछ राजनीतिक दलों के लोग जब विदेश की धरती पर जाते हैं, तो भारत के संविधान को गाली देकर भारत के संविधान को अपमानित करने का काम करते हैं। दूसरे दलों पर तंज कसा नितिन नवीन ने कहा कि 2011 में जब भाजपा ने राष्ट्रीय तिरंगा यात्रा निकाली और भाजपाई कश्मीर के लाल चौक पर तिरंगा फहराना चाहते थे, लेकिन दिल्ली में बैठी केंद्र सरकार और उमर अब्दुल्ला ने कहा था कि इससे कश्मीर की शांति भंग हो जाएगी। अब भारतीय जनता पार्टी की केंद्र में सरकार बनी तो धारा 370 को हटाया गया। इस मौके पर प्रदेश के सह प्रभारी सुरेंद्र नागर, केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, भाजपा पार्लियामेंट्री बोर्ड की सदस्य सुधा यादव, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़, संगठन मंत्री फणींद्र नाथ शर्मा, मंत्री राव नरबीर सिंह, शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी, राज्य मंत्री राजेश नागर, विधायक तेजपाल तंवर, मुकेश शर्मा समेत अन्य मौजूद रहे। वंशवाद की नहीं, योग्यता की पूजा होती है: मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज विवेकानंद की जयंती का दिन हमारे लिए गर्व का दिन है। उन्होंने कहा कि नवीन के आने से हरियाणा के युवाओं में नई उर्जा का संचार होगा। स्वामी विवेकानंद ने भारत की आत्मा को विश्व मंच पर स्थापित किया। भारत को विश्व पटल पर नई पहचान दिलाई। नवीन युवाओं के लिए एक प्रेरणा के रूप में है। भाजपा में वंशवाद की नहीं कर्मठता और योग्यता की पूजा होती है। 11 वर्षों में हरियाणा की राजनीति की एक नई तस्वीर बनाई है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में वादा किया था कि सरकार बनते ही 24 हजार युवाओं को रोजगार दिया जाएगा। यह वादा हमारी सरकार ने निभाया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




