
सख्ती के बाद हाईवे पर गड्ढे भरवाए
- बिलासपुर चौक पर गहरे-गहरे गड्ढे होने के कारण यातायात जाम लग रहा था- बिलासपुर चौक पर गहरे-गहरे गड्ढे होने के कारण यातायात जाम लग रहा था
गुरुग्राम, कार्यालय संवाददाता। यातायात पुलिस की सख्ती के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित बिलासपुर चौक पर गड्ढों को भरना शुरू कर दिया है। इसके साथ ही गलत दिशा में चलने वाले वाहन चालकों और ट्रक और बस की अवैध रूप से पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई करने की तैयारी है। गत बुधवार को पुलिस उपायुक्त, यातायात डॉ. राजेश मोहन ने बिलासपुर चौक का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने पाया था कि इस चौक पर गड्ढों के कारण यातायात जाम लग रहा है। वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गड्ढों के कारण हादसे का डर बना हुआ है।

उन्होंने एनएचएआई के परियोजना अधिकारी योगेश तिलक को पत्र लिखकर चेतावनी दी थी कि यदि इन गड्ढों की वजह से कोई सड़क हादसा हो जाता है तो एनएचएआई के अधिकारी और ठेकेदार जिम्मेदार होंगे। उनके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस चेतावनी के बाद एनएचएआई अधिकारियों का इन गड्ढों की तरफ ध्यान गया। उन्होंने गड्ढों को फिलहाल भर दिया है। बारिश रुकने के बाद सड़क की मरम्मत करने का आश्वासन दिया है। बिलासपुर और मानेसर चौक पर फ्लाईओवर का निर्माण शुरू होगा बारिश के बाद एनएचएआई की तरफ से बिलासपुर और मानेसर चौक पर फ्लाईओवर का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। बिलासपुर चौक फ्लाईओवर की लंबाई करीब 1080 मीटर है, जबकि मानेसर के फ्लाईओवर की लंबाई 1220 मीटर है। तीन-तीन लेन के इन फ्लाईओवर के निर्माण पर करीब 84 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। इसके तहत एनएचएआई ने ठेकेदार को काम आवंटित कर दिया है। इन फ्लाईओवर को लेकर यातायात को मोड़ने की योजना को तैयार करने की दिशा में काम किया जा रहा है। इन फ्लाईओवर का निर्माण सितंबर, 2027 तक पूरा कर लिया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




