Gurgaon News: नए पोर्टल में पुरानी वसीकाओं के इंतकाल नहीं हो रहे है दर्ज
Gurgaon News: गुरुग्राम में नए पोर्टल के तहत पुरानी वसीकाओं का इंतकाल दर्ज नहीं हो रहा है। इससे लोगों को परेशानी हो रही है। राजस्व विभाग को शिकायतें मिली हैं, और तहसीलदार को इस खामी को दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया है।

Gurgaon News: परेशानी: इंतकाल दर्ज करने के लिए नया सॉफ्टवेयर और पोर्टल शुरू हुआ -तहसीलों में जमीन की वसीका के आधार पर इंतकाल दर्ज करते हैं -पोर्टल में पुरानी वसीकाओं-खानाकाश्त खेवटों के नंबर नहीं उठ रहे हैं -लोगों को पुरानी वसीकाओं-जमीन के इंतकाल दर्ज कराने में परेशानीगुरुग्राम, अमर मौर्य। जिले के तहसीलों में शुरू हुए नए पोर्टल में पुरानी वसीकाओं के इंतकाल दर्ज नहीं हो रहे हैं। इसको लेकर राजस्व विभाग को शिकायत की गई है। राजस्व अधिकारी ने तहसीलदार को इस खामी को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए हैं।
प्रदेश सरकार की ओर से नया सॉफ्टवेयर
हाल ही में इंतकाल दर्ज करने के लिए नया सॉफ्टवेयर और पोर्टल शुरू किया गया। इसमें जिले के सभी तहसीलों में कार्य करने वाले कर्मचारी और अधिकारी जमीन की वसीकाओं के आधार पर इंतकाल दर्ज करते हैं। राजकुमार, विनोद कुमार का आरोप है कि नए पोर्टल में पुरानी वसीकाओं और खानाकाश्त खेवटों के नंबर नहीं उठ रहे हैं। इससे लोगों को अपनी पुरानी वसीकाओं और जमीन से संबंधित इंतकाल दर्ज करवाने में परेशानी हो रही है। पोर्टल पर तीन हजार से अधिक शिकायतें है। इसमें कादीपुर, गुड़गांव गांव समेत अन्य क्षेत्रों के लोगों की शिकायतें शामिल हैं। लोगों ने कहा कि नए पोर्टल में मालिक के आधार कार्ड की मांग की जा रही है। वहीं, पुरानी वसीकाओं के समय संबंधित जमीन मालिकों के आधार कार्ड नहीं बनाए गए थे। ऐसे में पुराने दस्तावेजों के आधार पर इंतकाल दर्ज करवाने में लोगों को दिक्कत आ रही है।
जमीन की खरीद-फरोख्त में परेशानी
लोगों ने कहा कि पोर्टल पर पुरानी वसीकाओं और खानाकाश्त खेवटों के इंतकाल दर्ज नहीं होने से जमीन बेचने और खरीदने में भी परेशानी हो रही है। उन्होंने राजस्व विभाग से नए सॉफ्टवेयर और पोर्टल में आवश्यक सुधार करने की मांग की है, ताकि पुराने इंतकाल दर्ज हो सकें और उन्हें अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े। जिला राजस्व अधिकारी विजय कुमार ने कहा कि तहसीलदारों को निर्देश दिए गए है कि इसमें सुधार करके लोगों के इंतकाल दर्ज किए जाए।


