
राजीव चौक पर जाम से निजात के लिए फ्लाईओवर निर्माण होगा
दिल्ली-जयपुर हाईवे पर राजीव चौक पर यातायात जाम कम करने के लिए फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। इसमें गुरुग्राम-सोहना हाईवे और सोहना-गुरुग्राम हाईवे से दिल्ली जाने के लिए सुविधाएं शामिल होंगी। इसके अलावा नरसिंहपुर में तीन किमी लंबा फ्लाईओवर और फुट ओवर ब्रिज भी बनाए जाएंगे।
राजीव चौक पर फ्लाईओवर बनेगा गुरुग्राम, कार्यालय संवाददाता। दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित राजीव चौक पर यातायात जाम को कम करने के लिए फ्लाईओवर तैयार किए जाएंगे। दिल्ली-जयपुर हाईवे से गुरुग्राम-सोहना हाईवे जाने के लिए फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा, जिसमें सर्विस रोड पर जाने का भी प्रावधान होगा। सोहना-गुरुग्राम हाईवे से दिल्ली जाने के लिए फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। यातायात को झाड़सा की तरफ जाने का प्रावधान इस फ्लाईओवर में रखा जाएगा। बुधवार दोपहर को इस सिलसिले में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अध्यक्ष संतोष कुमार और गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा के बीच दिल्ली स्थित एनएचएआई कार्यालय में बैठक हुई।
इसमें राजीव चौक के अलावा दिल्ली-जयपुर हाईवे पर कई जगह पर यातायात जाम को कम करने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में कहा गया कि दिल्ली-जयपुर हाईवे, गुरुग्राम-सोहना हाईवे, दिल्ली-मुंबई हाईवे को जोड़ रही इस योजना को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए। इस बैठक में नरसिंहपुर पर तीन किमी लंबा फ्लाईओवर बनेगा इस बैठक में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर गांव नरसिंहपुर में तीन किमी लंबे फ्लाईओवर के निर्माण का प्रस्ताव मंजूर हुआ। एनएचएआई अध्यक्ष ने इसकी डीपीआर तैयार करने के आदेश दिए। इस फ्लाईओवर के बनने से दिल्ली और जयपुर के बीच सफर कर रहे लोगों को यातायात जाम में नहीं फंसना पड़ेगा। इसके अलावा नरसिंहपुर में जलभराव की समस्या को खत्म करने के लिए बरसाती नाले का निर्माण जीएमडीए की तरफ से किया जा रहा है। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर एक पुलिया का निर्माण किया जाना है। इसके बाद जलभराव की समस्या समाप्त हो जाएगी। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर एफओबी बनेंगे इस बैठक में पैदल यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर दिल्ली-जयपुर हाईवे पर फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) निर्माण पर चर्चा हुई। निष्कर्ष निकला कि जीएमडीए की तरफ से उन जगहों की पहचान की जाएगी, जहां पर एफओबी बनाने की जरूरत है। एनएचएआई की तरफ से इन एफओबी का निर्माण किया जाएगा। निर्माण के बाद इनके रखरखाव की जिम्मेदारी जीएमडीए की रहेगी। एफओबी पर रैंप और लिफ्ट की व्यवस्था की जाएगी। दुपहिया वाहनों के निकलने की व्यवस्था भी की जाएगी। अंडरपास को जलभराव से बचाने की चर्चा बैठक में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर हीरो होंडा चौक, राजीव चौक, मेदांता अस्पताल, सिग्नेचर टावर और इफको चौक अंडरपास को जलभराव से बचाने को लेकर चर्चा हुई। जीएमडीए और एनएचएआई के इंजीनियर इन अंडरपास का संयुक्त रूप से निरीक्षण करके जल निकासी की योजना बनाएंगे। यह योजना मानसून से पहले बनाई जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




