स्कूल बस में पैर फंसने से घायल बच्चे ने दम तोड़ा
पलवल में एक निजी स्कूल की लापरवाही के कारण छह वर्षीय एलकेजी छात्र कृष्ण की मौत हो गई। स्कूल बस के जर्जर फर्श में पैर फंसने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। इलाज के दौरान उसे गहरा इंफेक्शन हुआ और उसकी हालत बिगड़ गई। पुलिस ने स्कूल संचालक और प्रिंसिपल के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पलवल। एक निजी स्कूल प्रबंधन की लापरवाही के कारण छह वर्षीय एलकेजी के छात्र की मौत हो गई। आरोप है कि स्कूल बस के जर्जर फर्श में पैर फंसने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिससे पैर में इंफेक्शन हो गया था। इस मामले में पुलिस ने मृतक छात्र के पिता की शिकायत पर स्कूल संचालक और प्रिंसिपल के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है । हसनपुर थाना प्रभारी दिनेश कुमार के अनुसार, रामगढ़ गांव के रहने वाले खेमचंद ने अपनी शिकायत में बताया कि उनका छह वर्षीय बेटा कृष्ण गांव के एक निजी स्कूल में एलकेजी में पढ़ता था।
16 दिसंबर को स्कूल बस से घर लौटते समय बस के टूटे हुए फर्श में उसका पैर फंस गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था । शिकायत में आरोप है कि बस जर्जर हालत में थी और उसमें कोई केयरटेकर या परिचालक मौजूद नहीं था। खेमचंद का यह भी आरोप है कि उन्होंने कई बार स्कूल संचालक को बस की जर्जर हालत के बारे में बताया था। पैर में लगी चोट के कारण कृष्ण को गहरा इंफेक्शन हो गया और उसकी हालत बिगड़ती चली गई। परिजनों ने उसे पहले स्थानीय अस्पताल और फिर फरीदाबाद के ईएसआईसी अस्पताल में भर्ती कराया। कई दिनों तक वेंटिलेटर और आईसीयू में इलाज के बाद 11 जनवरी को उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में शव का पोस्टमार्टम करवा कर उसके परिजनों को सौंप दिया है और केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है ।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




