
सोहना-दमदमा मार्ग पर 11 स्ट्रीट लाइट पोल टूटे, 300 मीटर केबल चोरी
- सड़क चौड़ीकरण की खुदाई से जानलेवा हादसे का खतरा बढ़ा, नुकसान की भरपाई को लेकर नगर परिषद और लोक निर्माण विभाग में टकराव
सोहना। सोहना से दमदमा-खेड़ला जाने वाले मार्ग पर चल रहे सड़क निर्माण कार्य के दौरान बड़ी लापरवाही सामने आई है। निर्माण कार्य के चलते सड़क के किनारे लगे स्ट्रीट लाइट के 11 पोल टूट गए हैं और उनके बीच की 300 मीटर लंबी बिजली केबल भी चोरी हो गई है। नगर परिषद के अधिकारी करीब 8 से 10 लाख रुपये का नुकसान को बता रहे। स्ट्रीट लाइटें टूटने से गांव लोहटकी तक का मार्ग करीब तीन किलोमीटर तक अंधेरे में डूब गया है। साथ ही, सड़क चौड़ीकरण के लिए दोनों तरफ तीन फुट गहरी खुदाई की गई है। अंधेरे में और सामने से आ रहे वाहनों की हेडलाइट की रोशनी के कारण चालक खुदाई वाली जगह को देख नहीं पा रहे हैं।
इससे सड़क से वाहन गिरने की आशंका बढ़ गई है और जानलेवा हादसा होने का खतरा बना हुआ है। इसका सबसे बड़ा शिकार बाइक और स्कूटी चालक हो रहे हैं। नगर परिषद के लाइट निरीक्षक रविन्द्र डागर ने बताया कि हुए नुकसान की भरपाई के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को पत्र लिखा जा रहा है, ताकि विभाग स्वयं या अपने ठेकेदार से यह आर्थिक नुकसान भर सके। हालांकि, लोक निर्माण विभाग के एसडीओ सुरेन्द्र कुमार ने नगर परिषद के दावे को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि दमदमा मार्ग पर स्ट्रीट लाइट के पोल लगाने से पहले नगर परिषद ने विभाग से कोई अनुमति नहीं ली थी, जबकि सड़क निर्माण का टेंडर पहले ही जारी किया जा चुका था। उन्होंने उलटा यह आरोप लगाया कि पोल पेड़ कटाई के दौरान गिरे हो सकते हैं और इसलिए नगर परिषद को नुकसान की भरपाई वन विभाग से मांगनी चाहिए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




