गुरुग्राम के हजारों छात्रों को राहत, 21 जून को फिर होगी नीट परीक्षा
पुराने सेंटर और आवेदन रहेंगे मान्य, जिले से हजारों छात्र हुए थे शामिल, परीक्षा रद्द होने के बाद बढ़ गई थी चिंता

गुरुग्राम, साक्षी रावत। पेपर लीक विवाद के बाद रद्द की गई नीट यूजी परीक्षा को लेकर आखिरकार शुक्रवार को बड़ा फैसला सामने आ गया। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने घोषणा की है कि नीट री-एग्जाम 21 जून को आयोजित किया जाएगा। इस फैसले से गुरुग्राम के हजारों मेडिकल अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों को बड़ी राहत मिली है। जिले से बीते तीन मई को जिले के 18 केंद्रों पर 6,624 छात्रों ने परीक्षा दी थे और परीक्षा रद्द होने के बाद से ही वे असमंजस और मानसिक दबाव में थे। एनटीए की ओर से साफ किया गया है कि छात्रों को दोबारा आवेदन नहीं करना होगा और न ही अतिरिक्त फीस देनी पड़ेगी। पहले से जमा आवेदन मान्य रहेंगे और अधिकांश छात्रों के परीक्षा केंद्र भी पुराने ही रखे जाएंगे। परीक्षा से कुछ दिन पहले एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे, जिन्हें छात्र आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड कर सकेंगे。
गर्मी को देखते हुए विशेष इंतजाम की तैयारी:
री-एग्जाम जून के अंतिम सप्ताह में होने के कारण गर्मी और हीटवेव को देखते हुए परीक्षा केंद्रों पर अतिरिक्त सुविधाएं देने की तैयारी की जा रही है। परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, मेडिकल सहायता, अतिरिक्त पंखे और जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है। छात्रों को परीक्षा में 15 मिनट अतिरिक्त समय देने की भी चर्चा है। शिक्षा मंत्रालय ने परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का भरोसा दिया है। केंद्र सरकार ने पेपर लीक मामले में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने की बात कही है। मामले की जांच फिलहाल सीबीआई कर रही है。
कोचिंग संस्थानों में फिर लौटी रौनक;
परीक्षा रद्द होने के बाद गुरुग्राम के कई कोचिंग संस्थानों में पढ़ाई की रफ्तार धीमी पड़ गई थी, लेकिन नई तारीख घोषित होने के बाद छात्रों ने दोबारा तैयारी शुरू कर दी है। शहर के सेक्टर-14, सदर बाजार और न्यू गुरुग्राम स्थित कई कोचिंग सेंटरों में अब रीविजन क्लास और टेस्ट सीरीज फिर शुरू कर दी गई हैं।
अब मेहनत बेकार नहीं जाएगी:
सेक्टर-45 स्थित डीपीएस स्कूल की छात्रा नायसा सिंह ने कहा कि परीक्षा रद्द होने के बाद वह काफी तनाव में थीं। नायसा ने हाल ही में 12वीं में 99.2 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं और उनका सपना एमबीबीएस कर डॉक्टर बनने का है। उन्होंने कहा, नीट रद्द होने के बाद लग रहा था कि मेहनत अधूरी रह गई, लेकिन अब दोबारा परीक्षा की तारीख आने से राहत मिली है। अतिरिक्त समय मिलने से तैयारी और बेहतर हो सकेगी। वहीं सेक्टर-72 निवासी छात्र आदिल ने बताया कि परीक्षा रद्द होने से छात्रों का आत्मविश्वास प्रभावित हुआ था। उन्होंने कहा लगातार पढ़ाई और तनाव के बाद परीक्षा रद्द होना बड़ा झटका था। अब कम से कम यह स्पष्ट हो गया है कि परीक्षा कब होगी, जिससे दोबारा रणनीति बनाना आसान हो गया है। वहीं पालम विहार की छात्रा कृतिका यादव ने कहा कि दोबारा फीस और आवेदन न होने से अभिभावकों पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा। सबसे बड़ी राहत यही है कि सेंटर और आवेदन फिर से नहीं बदलने होंगे। इससे मानसिक दबाव कुछ कम हुआ है।
निष्पक्ष परीक्षा की उम्मीद
गुरुग्राम के छात्र अब उम्मीद कर रहे हैं कि इस बार कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी के बीच निष्पक्ष परीक्षा आयोजित होगी। छात्रों और अभिभावकों की नजर अब एनटीए की नई व्यवस्था और परीक्षा की पारदर्शिता पर टिकी हुई है।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


