Gurgaon News: रिहायशी सोसाइटियों में बिल्डरों की मनमानी रोकने की तैयारी
Gurgaon News: - डीएचबीवीएन की तरफ से फ्लैट्स में बिजली कनेक्शन दिए जाएंगे रिहायशी सोसाइटियों में बिल्डरों की मनमानी रोकने की तैयारी

Gurgaon News: गुरुग्राम, दीपक आहूजा। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) की एक टीम ने नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड (एनपीसीएल) का निरीक्षण किया है। नोएडा की तर्ज पर गुरुग्राम की सोसाइटियों में सिंगल प्वाइंट कनेक्शन की बजाय मल्टीपल कनेक्शन मुख्यालय को रिपोर्ट भेजी गई है। डीएचबीवीएन के मुख्य अभियंता पीके चौहान ने एनपीसीएल की तरफ से लगाए गए मल्टीपल कनेक्शन का निरीक्षण करने के लिए एक कमेटी बनाई थी। इसमें कार्यकारी अभियंता विकास यादव, उपमंडल अधिकारी मनमोहन सिंह और विक्रम परमार शामिल थे। इस कमेटी ने एनपीसीएल की तरफ से लगाए गए मल्टीपल बिजली मीटरों का अध्ययन किया। इसके पश्चात रिपोर्ट तैयार करके डीएचबीवीएन की व्यावसायिक शाखा को भेज दी है। इस शाखा की तरफ से उच्चाधिकारियों से मंजूरी लेने के बाद रिहायशी सोसाइटियों के फ्लैट्स को बिजली कनेक्शन देने की प्रक्रिया को शुरू किया जाएगा.
क्या है मल्टीपल कनेक्शन की योजना
तीन अक्टूबर, 2023 को हरियाणा विद्युत नियामक आयोग (एचईआरसी) ने डीएचबीवीएन को आदेश दिए थे कि रिहायशी सोसाइटियों में सिंगल प्वाइंट कनेक्शन की बजाय मल्टीपल कनेक्शन दिए जाएं। इसका मतलब आम कॉलोनियों की तर्ज पर हर फ्लैट को डीएचबीवीएन का बिजली कनेक्शन मिलेगा। फ्लैट मालिक डीएचबीवीएन का बिजली उपभोक्ता बन जाएगा। उसे बिल्डर की बजाय डीएचबीवीएन को बिजली बिल जमा करवाना होगा.
जनरेटर से बिजली सप्लाई की व्यवस्था होगी
डीएचबीवीएन की तरफ से लगाए जाने वाले बिजली मीटर में जनरेटर से बिजली सप्लाई की व्यवस्था भी होगी। जनरेटर से बिजली सप्लाई की एवज में आए बिल की यूनिट अलग से आएगी। इसके बिल का भुगतान फ्लैट मालिकों को बिल्डर या रखरखाव एजेंसी को करना होगा.
आरडब्ल्यूए को ऐतराज
कुछ सोसाइटियों का रखरखाव आरडब्ल्यूए की तरफ से किया जा रहा है। आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों का कहना है कि हर सोसाइटी में कुछ लोग ऐसे होते हैं तो रखरखाव शुल्क नहीं देते। एचआरआरएस ऐक्ट में ऐसे लोगों से रखरखाव शुल्क वसूलने का कोई नियम नहीं है। यदि डीएचबीवीएन का मीटर लगता है तो डिफाल्टरों से रखरखाव शुल्क वसूलना मुश्किल हो जाएगा। सोसाइटी की व्यवस्था बिगड़ जाएगी। इस व्यवस्था को लागू करने से पहले एचआरआरएस एक्ट में रखरखाव शुल्क वसूलने का कोई प्रावधान करना आवश्यक है.
कोट :-
रिहायशी सोसाइटियों में मल्टीपल कनेक्शन जारी करने के लिए नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड (एनपीसीएल) के बिजली मीटर का अध्ययन किया जा रहा है। एक टीम को इस कंपनी में भेजा था। इसने कंपनी का निरीक्षण करने के बाद बिजली मीटर की जांच की। टीम ने अपनी रिपोर्ट को मुख्यालय भेज दिया है। अब मुख्यालय की तरफ से बिजली मीटर की खरीद को लेकर नीति बनाई जाएगी.
- पीके चौहान, मुख्य अभियंता, डीएचबीवीएन


