
शीतला माता मंदिर में आठ लिफ्ट, एसी और दो एस्केलेटर लगेंगे
गुरुग्राम के शीतला माता मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई नए बदलाव किए जा रहे हैं। 14 करोड़ की कार्ययोजना के तहत लिफ्ट, एसी और एस्केलेटर लगाए जाएंगे। नए चार मंजिला भवन में योग मंडप, ध्यान हॉल, और बच्चों के लिए पार्क जैसी सुविधाएं होंगी। यह काम जल्द ही शुरू होगा।
गुरुग्राम,कार्यालय संवाददाता। शीतला माता मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई नए बदलाव किए जा रहे हैं। जिसमें एक लंबा कॉरिडोर और रबड़ की सड़क (गर्मी-सर्दी में आरामदायक) के बाद अब लिफ्ट, एसी और एस्केलेटर लगाए जाएंगे। इस कार्य के लिए गुरुग्राम नगर निगम की ओर से 14 करोड़ की कार्ययोजना बनाकर सरकार को मंजूरी को भेजा गया है। मंजूरी मिलने के बाद मंदिर पर आधुनिक सुविधाएं बढ़ाने का काम शुरू हो जाएगा। नगर निगम की ओर से बनाई गई कार्ययोजना में मंदिर के चार मंजिला इमारत में आठ लिफ्ट और दो एस्केलेटर (एक्सीलेटर) लगाए जाएंगे, ताकि बुजुर्गों और दिव्यांग श्रद्धालुओं को ऊपर से नीचे आने में परेशानी न हो।
इसके अलावा हॉल में एसी (एयर कंडीशन) लगाई जाएगी। इन सभी सुविधाओं का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं, खासकर वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों को बेहतर और आरामदायक अनुभव प्रदान करना है। नया मंदिर आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा: मंदिर परिसर में लगभग 4.8 एकड़ भूमि पर नया चार बहुमंजिला भवन निर्माणाधीन है। इसमें श्रद्धालुओं के लिए योग मंडप, ध्यान हॉल, तीर्थ कुंड, ओपन एयर थिएटर, बच्चों के लिए पार्क, सॉलिड ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके 120 करोड़ रुपये का ठेका जारी किया गया है। अब 14 करोड़ रुपये की लागत से लिफ्ट, एसी और एस्केलेटर लगाया जाएगा। दूसरे चरण में 300 मीटर लंबा कॉरिडोर बनेगा, जिसके लिए कुछ ढांचों को तोड़ा जाएगा। शीतला माता श्राइन बोर्ड के सीईओ सुमित कुमार ने कहा कि नया मंदिर आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा। इसकी बाहरी दीवारों पर टाइल्स लगाने का काम शुरू हो गया है। पहले चरण का काम अंतिम दौर में है और दूसरे चरण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई है। मंदिर के दूसरी मंजिल पर गर्भगृह तैयार हो रहा है, जहां शीतला माता की स्थापना की जाएगी। शीतला माता मंदिर की चार मंजिला इमारत में लिफ्ट और एस्केलेटर और एसी लगाने के लिए 14 करोड़ रुपये की कार्ययोजना तैयार करके मंजूरी के लिए भेजा है। बजट मंजूरी होने के टेंडर लगाकर काम शुरू कराया जाएगा। गर्मियों को श्रद्धालुओं को इसकी सुविधा मिल सके। .-विजय ढाका, मुख्य अभियंता नगर निगम गुरुग्राम

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




