न्यूनतम वेतन बढ़ने से सोसाइटियों में रखरखाव शुल्क पर असर पड़ेगा
गुरुग्राम में न्यूनतम मजदूरी में 35 प्रतिशत की बढ़ौतरी का असर रिहायशी सोसाइटियों के रखरखाव शुल्क पर पड़ेगा। सेक्टर-92, 102 और 50 की सोसाइटियों में निवासियों को अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ेगा। सैकड़ों परिवारों पर इसका वित्तीय बोझ बढ़ेगा, जिससे सोसाइटियों में कर्मचारियों की संख्या और वेतन पर प्रभाव पड़ेगा।

गुरुग्राम, दीपक आहूजा। न्यूनतम मजदूरी वेतन में बढ़ौतरी का सीधा असर आने वाले समय में मिलेनियम सिटी की रिहायशी सोसाइटियों में दिख सकता है। इन सोसाइटियों में रखरखाव शुल्क बढ़ सकता है। फिलहाल सोसाइटियों में रखरखाव शुल्क की दर अलग-अलग हैं। सेक्टर-92 स्थित राइजिंग होम्स सोसाइटी की आरडब्ल्यूए के प्रधान प्रवीण मलिक के मुताबिक न्यूनतम मजदूरी में 35 प्रतिशत की बढ़ौतरी की गई है। इसका सीधा असर रिहायशी सोसाइटियों के रखरखाव पर पड़ेगा। इससे सोसाइटी निवासियों पर अतिरिक्त भार पड़ेगा। उनकी सोसाइटी में करीब 800 परिवार रहते हैं। अभी प्रति फ्लैट साढ़े तीन रुपये प्रति वर्ग फीट रखरखाव शुल्क है। 50 पैसे प्रति वर्ग फीट कॉमन एरिया बिजली शुल्क है।
करीब 125 कर्मचारी उनकी सोसाइटी में काम करते हैं। न्यूनतम वेतन में बढ़ौतरी के बाद करीब साढ़े चार लाख रुपये का अतिरिक्त खर्चा आरडब्ल्यूए पर आ गया है।सेक्टर-102 स्थित इम्पीरियल गार्डन सोसाइटी के आरडब्ल्यूए के उपप्रधान सुनील सरीन ने बताया कि उनकी सोसाइटी में करीब 580 परिवार रहते हैं। रखरखाव शुल्क करीब साढ़े सात हजार रुपये प्रतिमाह है। उनकी सोसाइटी में करीब 110 कर्मचारी काम करते हैं। न्यूनतम वेतन बढ़ने से रखरखाव शुल्क की कीमत को बढ़ाना पड़ेगा। सोसाइटी निवासियों की जेब पर असर पड़ेगा।सेक्टर-50 स्थित फ्रेस्को सोसाइटी की आरडब्ल्यूए के प्रधान निलेश टंडन के मुताबिक न्यूनतम वेतन बढ़ने से रखरखाव शुल्क में बढ़ौतरी होगी। उनकी सोसाइटी का रखरखाव अभी बिल्डर कर रहा है। करीब 100 कर्मचारी उनकी सोसाइटी में काम करते हैं। करीब 800 फ्लैट हैं। चार रुपये 34 पैसे रखरखाव शुल्क है। टंडन ने कहा कि यूनिटैक की तरफ से कर्मचारियों को न्यूनतम वेतन दिया जा रहा है। इसका असर सोसाइटी के रखरखाव पर पड़ रहा है। वेतन कम होने से अच्छे कर्मचारी नहीं मिलते हैं। वेतन बढ़ने से कम से कम अच्छे कर्मचारी मिलेंगे। सोसाइटी का रखरखाव अच्छे ढंग से होगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


