नागरिक अस्पताल में अब होगा मानसिक रोगों का इलाज
सोहना के नागरिक अस्पताल में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया गया है। अब मरीजों को इलाज के लिए शहर से बाहर नहीं भेजा जाएगा। सोमवार से गुरुवार तक मनोरोग विशेषज्ञ उपलब्ध रहेंगे, जिससे डिप्रेशन और एंग्जायटी के मरीजों को समय पर सहायता मिलेगी। अस्पताल में अन्य विशेषज्ञों की नियुक्ति भी जल्द की जाएगी।

सोहना, संवाददाता। क्षेत्र के निवासियों के लिए राहत भरी खबर है। स्थानीय नागरिक अस्पताल में अब मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करते हुए मनोरोग विशेषज्ञ की नियुक्ति कर दी गई है। स्वास्थ्य विभाग के इस कदम से अब मानसिक रोगियों को इलाज के लिए शहर से बाहर रेफर नहीं किया जाएगा, जिससे मरीजों और उनके परिजनों के समय व धन दोनों की बचत होगी। नागरिक अस्पताल में अब सप्ताह के चार दिन मनोरोग विशेषज्ञ की सेवाएं उपलब्ध होंगी। सोमवार से लेकर गुरुवार तक गुरुग्राम से विशेषज्ञ डॉक्टरों को यहाँ ओपीडी के लिए बुलाया जाएगा। खास बात यह है कि इन चारों दिन अलग-अलग विशेषज्ञ चिकित्सक अस्पताल में मौजूद रहेंगे।
अस्पताल प्रशासन ने ओपीडी पंजीकरण प्रक्रिया में मनोरोग विभाग को आधिकारिक रूप से शामिल कर लिया है। दूर होगी रेफरल की समस्या अभी तक सोहना और आसपास के क्षेत्रों में मनोरोग विशेषज्ञ न होने के कारण मरीजों को गुरुग्राम के जिला अस्पताल या नूंह के नल्हड़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया जाता था। लंबी दूरी और विशेषज्ञ के अभाव में कई बार मरीज इलाज बीच में ही छोड़ देते थे। अब स्थानीय स्तर पर डॉक्टर उपलब्ध होने से डिप्रेशन, एंग्जायटी और अन्य मानसिक बीमारियों से जूझ रहे लोगों को समय पर परामर्श मिल सकेगा। आधुनिक सुविधाओं से लैस हो रहा अस्पताल सोहना नागरिक अस्पताल में लगातार विशेषज्ञों की कमी को पूरा किया जा रहा है। हाल ही में यहां बाल रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ और अल्ट्रासाउंड जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं शुरू की गई हैं। मनोरोग विभाग की शुरुआत इस दिशा में एक और बड़ा मील का पत्थर साबित होगी। हालांकि, अभी कई लोगों को इस नई सुविधा की जानकारी नहीं है, लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ेगी। नागरिक अस्पताल में मानसिक रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति से स्वास्थ्य सेवाओं को काफी मजबूती मिली है। सोमवार से गुरुवार तक चार दिन विशेषज्ञ डॉक्टर अपनी सेवाएं देंगे। हमारा प्रयास है कि मरीजों को हर संभव इलाज स्थानीय स्तर पर ही मिले। बहुत जल्द अस्पताल में अन्य विभागों के विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्तियां भी की जाएंगी। - डॉ. नीरु यादव, एसएमओ, नागरिक अस्पताल, सोहना
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


