Hindi NewsNcr NewsGurgaon NewsMayor Indrajit Kaur Yadav Launches Development Works in Gurugram s Sikanderpur Village
शिक्षित जन-प्रतिनिधियों से ही संभव है क्षेत्र का समान विकास: मेयर डॉ. इंद्रजीत कौर

शिक्षित जन-प्रतिनिधियों से ही संभव है क्षेत्र का समान विकास: मेयर डॉ. इंद्रजीत कौर

संक्षेप:

- गांव सिकंदरपुर में पार्क का उद्घाटन, 50 लाख की लागत से बनेंगे कबड्डी, खो-खो और वॉलीबॉल ग्राउंड

Feb 04, 2026 08:40 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गुड़गांव
share Share
Follow Us on

गुरुग्राम। नगर निगम मानेसर की मेयर डॉ. इंद्रजीत कौर यादव ने बुधवार को वार्ड नंबर-19 के गांव सिकंदरपुर में विकास कार्यों का बिगुल फूंका। गांव के सरकारी स्कूल में नवनिर्मित पार्क का उद्घाटन करते हुए मेयर ने क्षेत्र की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि निगम क्षेत्र के मतदाताओं ने शिक्षित लोगों को चुनकर अपने मताधिकार का सर्वश्रेष्ठ उपयोग किया है, क्योंकि एक शिक्षित जन-प्रतिनिधि ही राजनीति से ऊपर उठकर क्षेत्र का सर्वांगीण विकास करने की दूरदर्शिता रखता है। मेयर ने पार्क परिसर में ही खो-खो, वॉलीबॉल और कबड्डी ग्राउंड का शिलान्यास किया। लगभग 50 लाख रुपये की लागत से तैयार होने वाली इस परियोजना का उद्देश्य ग्रामीण अंचल के बच्चों और युवाओं को खेल की आधुनिक सुविधाएं प्रदान करना है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

मेयर ने कहा कि यह पार्क और खेल मैदान केवल सिकंदरपुर ही नहीं, बल्कि आसपास के गांवों के युवाओं के लिए भी प्रतिभा निखारने का केंद्र बनेंगे। हमारी टीम अधिकारियों के साथ मिलकर हर वार्ड में बिना भेदभाव के विकास कार्य कर रही है। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय पार्षद रवि यादव ने वार्ड की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने मेयर से मांग की कि वार्ड में स्थित आयुष्मान आरोग्य केंद्र में चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया जाए और इसे पीएचसी (प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र) के रूप में अपग्रेड किया जाए। इस पर मेयर डॉ. इंद्रजीत कौर यादव ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया कि वह जल्द ही स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों से इस विषय पर चर्चा करेंगी ताकि ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य लाभ मिल सके।