वेल्डिंग की दुकान में आग लगने से अफरा-तफरी
गुरुग्राम के शीतला कॉलोनी में एक वेल्डिंग की दुकान में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। आग के कारण आसपास के इलाके में दहशत फैल गई, लेकिन दमकल विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। किसी भी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन दुकान का सामान जलकर खाक हो गया है।

गुरुग्राम, कृष्ण कुमार। शीतला कॉलोनी की गली नंबर तीन स्थित एक वेल्डिंग की दुकान में मंगलवार शाम शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक भीषण आग लग गई। दुकान के ऊपर ही रिहायशी मकान बना हुआ है, जिससे शुरुआत में लोगों के फंसे होने की आशंका से इलाके में भारी दहशत फैल गई। हालांकि, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज आधे घंटे में आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया और एक बड़ा हादसा होने से टाल दिया। गनीमत रही कि इस आगजनी में कोई जनहानि नहीं हुई। जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब छह बजे दुकान में वेल्डिंग का काम चल रहा था।
इसी दौरान अचानक बिजली की तारों में शॉर्ट सर्किट हुआ और तेजी से आग भड़क उठी। दुकान से धुएं का गुबार उठता देख आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। मौके पर पहुंचे दमकल अधिकारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही तुरंत दमकल की एक गाड़ी को मौके पर रवाना किया गया था। शुरुआत में ऊपरी मंजिल पर बने मकान में कुछ लोगों के फंसे होने की सूचना मिली थी, लेकिन रेस्क्यू टीम ने जब गहन जांच की तो वहां कोई मौजूद नहीं मिला। उन्होंने बताया कि दमकल कर्मियों की मुस्तैदी से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। आग की चपेट में आने से दुकान में रखा वेल्डिंग का सामान और बिजली की तारें जलकर खाक हो गई हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


