Gurgaon News: वेयरहाउस में आग लगने से हड़कंप

हिन्दुस्तान, गुड़गांव
Follow us on Google News
share

Gurgaon News: गुरुग्राम के पटौदी रोड स्थित लाइफ लॉन्ग कंपनी के वेयरहाउस में आधी रात को भीषण आग लग गई। आग की शुरुआत इंजेक्शन मोल्डिंग ब्रांच से हुई, जो तकनीकी खराबी के कारण लगी। दमकल विभाग ने 10 घंटे में आग पर काबू पाया। घटना में कई करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

Gurgaon News: वेयरहाउस में आग लगने से हड़कंप

Gurgaon News: गुरुग्राम, कृष्ण कुमार। पटौदी रोड स्थित झुंड सराय में लाइफ लॉन्ग कंपनी के तीन मंजिला विशाल वेयरहाउस में आधी रात को भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि इमारत में मौजूद कर्मचारियों को अपनी जान बचाने के लिए बाहर की तरफ भागना पड़ा। एक एकड़ से अधिक क्षेत्र में बने इस वेयरहाउस में कई कंपनियां संचालित हो रही थीं। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग में खलबली मच गई। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दमकल विभाग और निजी कंपनियों की 29 गाड़ियों को मौके पर तैनात किया गया। करीब 10 घंटे की कड़ी मशक्कत और 150 से अधिक पानी की गाड़ियों (टैंकरों) के इस्तेमाल के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार रात साढे दस बजे मानेसर दमकल केंद्र को आग की सूचना मिली थी। पहले दो गाडियों को मौके पर भेजा गया, लेकिन बाद में आग बड़ी होने के कारण मेजर आग की घोषणा की गई। इसके बाद अन्य दमकल केंद्रो सहित निजी कंपनियों के फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आधी रात के सन्नाटे में अचानक उठीं इन तेज लपटों और काले धुएं के गुबार को देखकर आसपास के ग्रामीण इलाकों में भारी दहशत का माहौल बन गया। आग की गगनचुंबी लपटें कई किलोमीटर दूर से ही साफ देखी जा सकती थीं और आसमान पूरी तरह लाल नजर आ रहा था.

इंजेक्शन मोल्डिंग यूनिट और टेस्टिंग लैब से भड़कीं लपटें

शुरुआती जांच में सामने आया है कि आग की शुरुआत वेयरहाउस की दूसरी मंजिल पर स्थित इंजेक्शन मोल्डिंग ब्रांच से हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि वहां मशीनों में किसी तकनीकी फॉल्ट या शॉर्ट सर्किट के कारण चिंगारी भड़की थी। चूंकि इस मोल्डिंग ब्रांच में भारी मात्रा में प्लास्टिक दाना और ज्वलनशील कच्चा माल रखा था, इसलिए प्लास्टिक ने ईंधन का काम किया और आग ने तुरंत विकराल रूप धारण कर लिया। इसी मंजिल पर कंपनी की अत्याधुनिक टेस्टिंग लैब भी संचालित थी, जिसमें रखे भारी केमिकल और स्पिरिट ने आग में घी का काम किया। केमिकल की वजह से लैब में छोटे-छोटे कई धमाके भी हुए, जिससे वेयरहाउस की दीवारें तक दरक गईं और लपटें पूरी तरह बेकाबू हो गईं.

चपेट में आईं दो और कंपनियां

ज्वलनशील पदार्थों और तेज हवा के कारण आग इतनी तेजी से भड़की कि उसने देखते ही देखते इसी परिसर में स्थित दो अन्य कंपनियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद दमकल कर्मियों को तीन मोर्चों पर एक साथ मोर्चा संभालना पड़ा और सुबह तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलता रहा। इस भीषण आग की घटना में भारी आर्थिक नुकसान का अनुमान है। तीनों कंपनियों के गोदामों में भारी मात्रा में तैयार उत्पाद, कच्चा माल और कीमती मशीनें मौजूद थीं, जो पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी हैं। शुरुआती आकलन के मुताबिक इस हादसे में कई करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है और तीन मंजिला इमारत को भी भारी क्षति पहुंची है.

वेयर हाउस में आग की सूचना मिलते ही टीमें पहुंच गई थी। करीब दस घंटे में आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया। दमकल की सतर्कता से अन्य गोदामों में आग से बचा लिया गया।

- नरेंद्र यादव, दमकल अधिकारी, गुरुग्राम

सामान्य प्रश्न

आग की शुरुआत कैसे हुई?
आग की शुरुआत वेयरहाउस की दूसरी मंजिल पर स्थित इंजेक्शन मोल्डिंग ब्रांच से हुई थी।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।