वेतन में वृद्धि के लिए कंपनियों के तीन हजार कर्मी हड़ताल पर

Newswrap हिन्दुस्तान, गुड़गांव
share

गुरुग्राम। आईएमटी मानेसर में बुधवार को दस कंपनियों के तीन हजार से अधिक कर्मचारी बुधवार

वेतन में वृद्धि के लिए कंपनियों के तीन हजार कर्मी हड़ताल पर

गुरुग्राम,गौरव चौधरी। आईएमटी मानेसर में बुधवार को दस कंपनियों के तीन हजार से अधिक कर्मचारी बुधवार को वेतन बढ़ोतरी और अन्य मांगों को लेकर हड़ताल पर चले गए। गारमेंट और ऑटोमोबाइल कंपनी के कर्मचारियों के भी हड़ताल में शामिल होने से कंपनियों में प्रोडक्शन प्रभावित हुआ। हालात पर नियंत्रण के लिए मानेसर में शाम को धारा 163 लागू कर दी गई। वहीं, मामला तूल पकड़ते देखकर देर शाम बुधवार को चंडीगढ़ में हुई कैबिनेट की बैठक में हरियाणा सरकार ने प्रदेश के अकुशल श्रमिकों की न्यूनतम मजदूरी बढ़ाकर 15 हजार 220 रुपये प्रतिमाह करने का निर्णय लिया। जब एसडीएम ने उन्हें यह जानकारी दी तो हड़ताल में शामिल कर्मचारी घर लौट गए।इससे

पहले हड़ताली कर्मचारियों ने मानेसर में एसडीएम कार्यालय का घेराव किया। एहतियात के तौर पर काफी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया। वहीं कंपनियों के विवाद का निपटारा करने के लिए श्रम विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों की मांग को लेकर कंपनी के प्रतिनिधियों से भी बातचीत की गई।कर्मचारियों का आरोप था कि बीते कई सालों से उनके वेतन में बढ़ोतरी नहीं की गई, जबकि मंहगाई हर साल बढ़ती जा रही है। वेतन कम होने के कारण कर्मचारियों को गुरुग्राम में परिवार का पालन-पोषण करने में दिक्कतें आ रही है। वह बच्चों को स्कूल भी नहीं भेज पा रहे है। कंपनी में वेतन बढ़ाने की बात करने पर अधिकारियों के द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया जाता।बुधवार को आईएमटी मानेसर में स्थित दस कंपनियों के तीन हजार कर्मचारी वेतन बढ़ाकर 20 हजार रुपये करने की मांग को लेकर हड़ताल पर गए। हड़ताल के दौरान हजारों की संख्या में कर्मचारी एसडीएम कार्यालय में पहुंचे और बैनर-पोस्टर लेकर विरोध शुरू कर दिया। वहीं, कुछ कंपनियों के बाहर धरने पर बैठे कर्मचारियों को भी पुलिस ने हटाया और एसडीएम मानेसर कार्यालय में भेजा गया। इस दौरान कर्मचारियों की पुलिसकर्मियो से थोड़ी नोक-झोंक भी हुई। इसके बाद एसडीएम मानेसर,पुलिस अधिकारी और श्रम विभाग के अधिकारियों ने कर्मचारियों की मांग को लेकर कंपनी प्रतिनिधियों से बातचीत करने का आश्वासन दिया।सरकार ने न्यूनतम वेतन बढ़ायाबुधवार को चंडीगढ़ में हुई कैबिनेट की बैठक में हरियाणा सरकार ने प्रदेश के अकुशल श्रमिकों की न्यूनतम मजदूरी बढ़ाकर 15 हजार 220 रुपये प्रतिमाह करने का निर्णय लिया है। इस निर्णय से प्रदेश के लाखों अकुशल श्रमिकों को सीधा लाभ मिलेगा और उनके जीवन स्तर में सुधार आएगा। इससे पहले अकुशल श्रमिकों को 11274.60 रुपये वेतन मिल रहा था। मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा के बजट सत्र में उन्होंने घोषणा की थी कि एक्सपर्ट कमेटी ने अकुशल श्रमिकों की न्यूनतम मजदूरी को बढ़ाने की सिफारिश की है। मंत्रिमंडल ने इस घोषणा को पूरा करते हुए मजदूरी बढ़ाने का निर्णय लिया। एक अप्रैल से इसको लागू माना जाएगा।धारा 163 लागू की गईआईएमटी मानेसर में स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला मजिस्ट्रेट एवं डीसी अजय कुमार ने आईएमटी मानेसर क्षेत्र में तत्काल प्रभाव से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू कर दी है। जिला मजिस्ट्रेट अजय कुमार ने पुलिस विभाग की रिपोर्ट के आधार पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए हैं। इलाके में पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने पर पूर्ण रोक लगा दी गई है। इसके साथ ही लाठी, तलवार, चाकू या किसी भी प्रकार के हथियार लेकर चलने पर प्रतिबंध रहेगा। किसी भी सड़क या रास्ते को अवरुद्ध करना दंडनीय अपराध माना जाएगा।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।