नए गैस कनेक्शन गुरुग्राम में 5800 से ज्यादा ने किया आवेदन

Apr 08, 2026 11:30 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गुड़गांव
share

गुरुग्राम में पश्चिम एशिया के संकट के कारण एलपीजी की आपूर्ति प्रभावित हुई है। जिले में 5800 से अधिक नए कनेक्शन के आवेदन लंबित हैं। प्रशासन ने प्रवासियों के लिए छोटे 5 किलो के सिलेंडरों का विकल्प दिया है। हालांकि, इनकी मांग बढ़ने की उम्मीद है, जबकि छोटे सिलेंडर महंगे हैं।

नए गैस कनेक्शन गुरुग्राम में 5800 से ज्यादा ने किया आवेदन

गुरुग्राम,गौरव चौधरी। पश्चिम एशिया के संकट के कारण एलपीजी आपूर्ति प्रभावित होने से गुरुग्राम की गैस एजेंसियों पर भारी दबाव बढ़ गया है। जिले में इंडेन, एचपी और भारत पेट्रोलियम की एजेंसियों के पास पांच हजार 800 से अधिक नए कनेक्शन के आवेदन लंबित हैं। स्थिति को संभालने के लिए प्रशासन ने प्रवासियों और बिना कनेक्शन वाले लोगों के लिए पांच किलो वाले छोटे सिलेंडरों (एफटीएल) का विकल्प दिया है। नए कनेक्शनों पर 15 मार्च से रोक, 500 आवेदन रोजऑल इंडिया एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स फेडरेशन (हरियाणा) के अनुसार शहर में रोजाना औसतन 500 नए आवेदन आ रहे हैं। 15 मार्च से नए कनेक्शनों पर रोक लगी हुई है, जिससे बैकलॉग लगातार बढ़ता जा रहा है।

संकट से पहले गुरुग्राम में हर महीने करीब तीन हजार कनेक्शन जारी होते थे। अब न केवल मजदूर, बल्कि किराए के मकानों में रहने वाले वर्किंग प्रोफेशनल्स भी औपचारिक कनेक्शन के लिए कतार में हैं।पांच किलो वाले सिलेंडरों की सुस्त शुरुआतप्रवासियों का पलायन रोकने के लिए शुरू की गई पांच किलो वाले सिलेंडरों की योजना की शुरुआत अभी धीमी है। पिछले तीन दिनों में पूरे जिले में मात्र 500 छोटे सिलेंडर ही वितरित किए गए हैं। बिना किसी औपचारिक कनेक्शन के, केवल एक सरकारी पहचान पत्र दिखाकर इन्हें किसी भी एजेंसी से खरीदा जा सकता है। पहली बार खरीदने पर उपभोक्ता को एक हजार 564 रुपये देने होंगे। इसके बाद रिफिल के लिए 584 रुपये (30 रुपये डिलीवरी चार्ज सहित) देने होंगे। इन सिलेंडरों को आधार कार्ड से लिंक किया जाएगा ताकि वितरण पर नजर रखी जा सके। एक परिवार को महीने में अधिकतम दो रिफिल मिल सकेंगे।महंगा है छोटे सिलेंडर का इस्तेमालछोटे सिलेंडरों को कमर्शियल श्रेणी में रखा गया है, जिसके कारण ये घरेलू गैस के मुकाबले महंगे पड़ रहे हैं। घरेलू एलपीजी गौस 64.90 प्रति किलो रुपये मिलती है। जबकि पांच किलो वाला सिलेंडर ₹110.80 प्रति किलो दिया जा रहा है। श्रमिकों के लिए सबसे बड़ी चुनौती यह है कि पहले वे अपनी जेब के हिसाब से 50 या 100 रुपये की गैस अनौपचारिक बाजार से भरवा लेते थे, लेकिन अब उन्हें एक बार में पूरी रिफिल लेनी होगी। निर्माण कार्य में लगे रूपेश ने बताया अब हमें एक साथ पूरी रिफिल लेनी पड़ रही है, लेकिन कम से कम गैस उपलब्ध होने से हमें घर वापस नहीं लौटना पड़ेगा।आपूर्ति सुचारू, सरप्लस स्टॉक मौजूदगुरुग्राम के उपायुक्त अजय कुमार ने समीक्षा बैठक के बाद बताया कि जिले में प्रतिदिन 13 से 14 हजार सिलेंडर डिलीवर किए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, जिले में 12 हजार 574 अतिरिक्त सिलेंडर उपलब्ध हैं, इसलिए स्थानीय निवासियों को घबराने की जरूरत नहीं है। फेडरेशन के अध्यक्ष भारत सिंह यादव ने कहा कि जागरूकता बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में छोटे सिलेंडरों की मांग में तेजी आएगी। उन्होंने बताया कि पहले ये सिलेंडर जनरल स्टोर पर भी मिलते थे, लेकिन मांग न होने के कारण स्टोरों ने स्टॉक रखना बंद कर दिया था, जिससे मौजूदा संकट और गहरा गया।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।