जेसीबी के पंजे से सड़क किनारे बुजुर्ग का पैर कटा
गुरुग्राम में एक जेसीबी चालक ने सड़क किनारे बैठे बुजुर्ग महावीर सिंह के पैर पर जेसीबी का पंजा मार दिया, जिससे उनका बायां पैर कट गया। आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और चालक की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है।

गुरुग्राम,गौरव चौधरी। सेक्टर-12 सब्जी मंडी चौक के पास जेसीबी चालक ने सड़क किनारे बैठे एक बुजुर्ग के पैर पर सीधे जेसीबी का पंजा मार दिया। इससे बुजुर्ग का बायां पैर घुटने के नीचे से कटकर अलग हो गया। लहूलुहान हालत में पीड़ित को तड़पता छोड़ आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पीड़ित के भाई द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर आरोपी जेसीबी चालक के खिलाफ सेक्टर-14 थाने में गुरुवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के गांव शिवाला कला के निवासी 55 वर्षीय महावीर सिंह 25 वर्षों से गुरुग्राम में रह रहे हैं। वर्तमान में वह शिव विहार कॉलोनी में किराए पर रहते हैं। पुलिस को दी गई शिकायत में महावीर सिंह ने बताया कि बीती 25 अप्रैल 2026 की सुबह करीब नौ बजे वह हर रोज की तरह कबूतरों को दाना डालने गए थे। दाना डालने के बाद उन्होंने पास से बिरयानी ली और सड़क किनारे एक बिजली के खंभे के नीचे बैठकर खाने लगे।
घटना का विवरण
पीड़ित के अनुसार, उसी समय एक जेसीबी चालक आया। उसने जेसीबी का पंजा महावीर के पैर में मार दिया। इससे महावीर सिंह का बायां पैर मौके पर ही कटकर अलग हो गया और वह खून से लथपथ होकर गिर पड़े। जिसके बाद वह बेहोश हो गए। घटना के तुरंत बाद पुलिस का इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल को सेक्टर-12 चौक सब्जी मंडी के पास दुर्घटना की सूचना मिली। सेक्टर-14 थाने के मुख्य सिपाही अजय कुमार जब तक मौके पर पहुंचे, तब तक पीड़ित को अस्पताल ले जाया जा चुका था।
पुलिस का बयान
जांच अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी है।जल्द ही चालक की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


