
भारत ईवी रैली आईकैट पहुंची, मानेसर में पूरे किए 100 दिन
-आईकैट परिसर में भव्य स्वागत, वरिष्ठ अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर रैली को किया रवाना भारत ईवी रैली आईकैट पहुंची, मानेसर में पूरे किए 100 दिन
गुरुग्राम। दुनिया की सबसे लंबी इलेक्ट्रिक वाहन रैली के रूप में पहचानी जाने वाली भारत महा ईवी रैली ने अपनी यात्रा का 100वां दिन सफलतापूर्वक पूर्ण करते हुए आईकैट, मानेसर (हरियाणा) पहुंचकर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। इस अवसर पर आईकैट परिवार द्वारा रैली का भव्य स्वागत किया गया। आईकैट परिसर से रैली को मधुसूदन जोशी (डीजीएम-टेक्निकल हेड), प्रशांत विजय (डीजीएम-ऑपरेशंस), पवन ठाकुर (मीडिया हेड) एवं प्रीतम सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर आईकैट के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। यह रैली केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी तथा केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल (वाणिज्य एवं उद्योग) के सहयोग से आयोजित की जा रही है।

इस जन-जागरूकता अभियान को देशभर के मुख्यमंत्रियों, राज्यपालों, केंद्रीय एवं राज्य मंत्रियों, बड़े एवं एमएसएमई ईवी निर्माताओं, डीलर डिस्ट्रिब्यूटरों तथा आईआईटी, आईआईएम, एनआईटी और विभिन्न विश्वविद्यालयों सहित अनेक प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों का व्यापक समर्थन प्राप्त हुआ है। अब तक यह रैली 28 राज्यों और 8 केंद्रशासित प्रदेशों से होकर गुजर चुकी है। इसके अंतर्गत दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, झारखंड सहित वर्तमान में पश्चिम बंगाल, असम, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, नागालैंड, मिजोरम, मेघालय, त्रिपुरा, बिहार, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश एवं जम्मू-कश्मीर शामिल हैं। इसके अतिरिक्त रैली ने भूटान और नेपाल की भी यात्रा की है। विभिन्न राज्यों में अनेक गणमान्य व्यक्तियों द्वारा रैली को हरी झंडी दिखाई गई। नागपुर (महाराष्ट्र) में आरएसएस के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत द्वारा भी इस सामाजिक जागरूकता अभियान को आशीर्वाद प्रदान किया गया। रैली का प्रमुख उद्देश्य इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, ईवी से जुड़ी भ्रांतियों एवं आशंकाओं को दूर करना तथा यह सिद्ध करना है कि इलेक्ट्रिक वाहनों से लंबी दूरी की यात्रा पूर्णतः संभव है। इस पहल से देशभर में ईवी को अपनाने तथा आवश्यक बुनियादी ढांचे के सतत विकास को नया बल मिला है। रैली के दौरान सैकड़ों शैक्षणिक संस्थानों एवं विश्वविद्यालयों का दौरा किया गया। इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ इलेक्ट्रिक व्हीकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. राजीव मिश्रा के नेतृत्व में टीम ने अनेक आईआईटी, आईआईएम एवं विश्वविद्यालयों में शिक्षकों और विद्यार्थियों से संवाद किया। विद्यार्थियों ने ईवी ड्राइव का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त किया और इस अभियान में उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




