
दौलताबाद रोड की चौड़ाई बढ़ाने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी
गुरुग्राम में दौलताबाद रोड को चौड़ा करने या एलिवेटिड बनाने की संभावनाओं पर चर्चा की गई। शहरी विकास के प्रधान सलाहकार डीएस ढेसी की अध्यक्षता में हुई बैठक में रेलवे स्टेशन से जुड़ी सड़कों में सुधार लाने के निर्देश दिए गए। मौजूदा रोड की चौड़ाई 30 मीटर है, जिसे 84 मीटर करने का प्रस्ताव है।
गुरुग्राम। द्वारका एक्सप्रेसवे को गुरुग्राम रेलवे स्टेशन से जोड़ रही दौलताबाद रोड (सेक्टर-104 और सेक्टर-105 की विभाजित सड़क) को चौड़ा करने या एलिवेटिड बनाने की संभावनाओं को तलाशा जाएगा। शुक्रवार को शहरी विकास के प्रधान सलाहकार डीएस ढेसी की अध्यक्षता में बैठक हुई। ढेसी ने अधिकारियों को गुरुग्राम रेलवे स्टेशन को जोड़ रही सड़कों में सुधार लाने के दिशा-निर्देश जारी किए। मौजूदा समय में दौलताबाद रोड की चौड़ाई 30 मीटर है। इसे पीडब्ल्यूडी बीएंडआर ने तैयार किया है। नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग की तरफ से तैयार गुरुग्राम-मानेसर विकास योजना के तहत इस रोड की चौड़ाई 84 मीटर प्रस्तावित है। मौजूदा रोड के दोनों तरफ घनी आबादी है।
सूरत नगर, राजेंद्रा पार्क और लक्ष्मण विहार कॉलोनियां इसके दोनों तरफ विकसित हैं। ढेसी ने बैठक में कहा कि गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड की तरफ से गुरुग्राम रेलवे स्टेशन को ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो से जोड़ा जा रहा है। भौंडसी से लेकर रेलवे स्टेशन तक मेट्रो प्रस्तावित है। ऐसे में रेलवे स्टेशन तक पहुंच रही सड़कों को बेहतर करने की जरूरत है। द्वारका एक्सप्रेसवे के आसपास लगते सेक्टरों को गुरुग्राम रेलवे स्टेशन से जोड़ रही दौलताबाद रोड को बेहतर बनाने की जरूरत है। मौजूदा समय में यह रोड बदहाल अवस्था में है। आसपास रिहायशी कॉलोनियां विकसित होने के चलते इस रोड पर यातायात बेहद अधिक है। ढेसी ने रेलवे रोड और दौलताबाद रोड को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेलवे रोड तक पहुंचने में वाहन चालकों को किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा पैदल यात्रियों के पहुंचने की व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए। सभी विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय के साथ इस योजना को बनाएं। इस मौके पर एचएसवीपी प्रशासक वैशाली सिंह, हरियाणा रेल अवसंरचना विकास निगम के प्रबंध निदेशक सुखविंदर सिंह, रेल भूमि विकास प्राधिकरण के मुख्य परियोजना प्रबंधक मोहित कुमार, उत्तर रेलवे के सहायक मंडल अभियंता वजाहत अहमद, रेल भूमि विकास प्राधिकरण के सहायक प्रबंधक अनुभव त्रिपाठी के अलावा जीएमडीए के अधिकारी शामिल थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




