
छापेमारी में ई-सिगरेट बेचता दुकानदार गिरफ्तार
संक्षेप: गुरुग्राम के एक पॉश मार्केट में प्रतिबंधित ई-सिगरेट की बिक्री का मामला सामने आया है। सीएम उड़नदस्ता ने छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध ई-सिगरेट बरामद की। दुकान के संचालक विरेंद्र चौरसिया को बिना लाइसेंस के ई-सिगरेट बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गुरुग्राम, प्रमुख संवाददाता। शहर के एक पॉश रिहायशी क्षेत्र की मार्केट में गुपचुप तरीके से प्रतिबंधित ई-सिगरेट बेचे जाने का बड़ा मामला सामने आया है। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता ने सूचना के आधार पर सेक्टर-49 स्थित साउथ सिटी-2 की एक मार्केट में छापेमारी की, जहां से भारी मात्रा में अवैध ई-सिगरेट और संबंधित उत्पाद बरामद किए गए। सीएम फ्लाइंग टीम को यह जानकारी मिली थी कि साउथ सिटी-2 के बी-ब्लॉक मार्केट स्थित एन के पान नामक दुकान पर धड़ल्ले से इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट बेची जा रही है, जबकि यह उत्पाद देश में पूरी तरह से प्रतिबंधित है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर सुनील कुमार के नेतृत्व में टीम ने तत्काल दुकान पर छापा मारा।

छापेमारी के दौरान दुकान पर विरेंद्र चौरसिया नामक एक व्यक्ति मौजूद मिला, जिसने अपनी पहचान संगम विहार दिल्ली के निवासी के रूप में बताई। टीम ने जब दुकान की तलाशी ली, तो एक थैले में छिपाकर रखी गई विभिन्न फ्लेवर की प्रतिबंधित ई-सिगरेट (पफ्स) बरामद हुई। बिना लाइसेंस बेच रहा था अवैध उत्पाद सीएम फ्लाइंग टीम ने मौके पर ही सेक्टर-50 थाना पुलिस को बुलाया। थाना पुलिस ने जब पान दुकान संचालक विरेंद्र चौरसिया से ई-सिगरेट बेचने का लाइसेंस या अनुमति मांगी, तो वह कोई वैध दस्तावेज़ पेश नहीं कर सका। इस पर पुलिस ने आरोपी विरेंद्र चौरसिया को गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम 2019 की धारा चार और सात के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने दुकान से बरामद सभी प्रतिबंधित ई-सिगरेट और पफ्स को जब्त कर लिया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश किया और मामले की गहनता से जांच की जा रही है कि वह यह प्रतिबंधित सामान कहाँ से प्राप्त कर रहा था। पॉश मार्केट में इस अवैध धंधे के सामने आने से इलाके के लोग भी हैरान हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




