Gurgaon News: उमसभरी गर्मी ने लोगों के पसीने छुड़ाए
Gurgaon News: गुरुग्राम में उमस और बढ़ते तापमान ने जनता को परेशान कर दिया है। मौसम विभाग ने 19 जुलाई तक तेज गर्मी और उमस के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। आगामी दिनों में बादल और तेज हवाओं की उम्मीद है, लेकिन हल्की बारिश सीमित इलाकों में ही होगी।

Gurgaon News: गुरुग्राम, कृष्ण कुमार। साइबर सिटी और आसपास के क्षेत्रों में उमस के साथ लगातार बढ़ रहे तापमान ने आम जनता की परेशानी बढ़ा दी है। सुबह से ही निकल रही तेज धूप और हवा में मौजूद भारी नमी के कारण लोग पसीने और चिपचिपी गर्मी से बेहाल हैं। मौसम की स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने आगामी 19 जुलाई तक क्षेत्र में तेज गर्मी और अत्यधिक उमस को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राहत की बात यह रही कि तापमान में कोई बड़ी बढ़ोतरी नहीं हुई, क्योंकि ठीक एक दिन पहले बुधवार को भी शहर का अधिकतम तापमान इतना ही दर्ज किया गया था। हालांकि, तापमान स्थिर रहने के बावजूद हवा न चलने के कारण हॉट एंड ह्यूमिड स्थितियां बनी हुई हैं, जिससे वास्तविक तापमान से कहीं अधिक गर्मी का अहसास हो रहा है।
आसमान में छाए रहेंगे बादल, चलेंगी तेज हवाएं
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में आसमान में मुख्य रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। इस दौरान दोपहर या उससे पहले क्षेत्र के कुछ अलग-अलग हिस्सों में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति बढ़कर 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक भी पहुंच सकती है। इन तेज हवाओं के कारण उमस से हल्की राहत मिलने की उम्मीद है।
छिटपुट इलाकों में हल्की बौछारों की संभावना
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उमस और बादलों की आवाजाही के बीच कुछ सीमित स्थानों पर बहुत हल्की से लेकर सामान्य बारिश की एक बौछार गिरने की भी संभावना है। हालांकि, यह बारिश पूरे शहर को कवर नहीं करेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर बनने वाले सिस्टम के कारण केवल कुछ ही इलाकों में देखने को मिलेगी। व्यापक और भारी बारिश न होने के कारण फिलहाल उमस भरी गर्मी का यह दौर 19 जुलाई तक इसी तरह लोगों को परेशान करता रहेगा।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


