कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल
गुरुग्राम के एंबीयंस मॉल अंडरपास में तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद दोनों युवक घायल हो गए और राहगीरों ने उन्हें अस्पताल में दाखिल कराया। कार का चालक मौके से फरार...

गुरुग्राम। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर शंकर चौक के समीप स्थित एंबीयंस मॉल अंडरपास में तेज रफ्तार एक कार ने अनियंत्रित होकर बाइक पर सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों युवक नीचे गिर पड़े। बाइक भी घूमकर दीवार से टकराकर रूक गई। कार का चालक मौके से फरार हो गए। राहगीरों ने बाइक सवारों को अस्पताल में दाखिल करवाया। रविवार को एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसके मुताबिक एंबीयंस मॉल यू टर्न में चार-पांच बाइक चल रही हैं। अचानक एक काले रंग की कार तेज गति से आती है। आगे मोड़ होने के कारण इसका चालक ब्रेक लगाता है, लेकिन कार अनियंत्रित होकर बाइक से टकराने के बाद घूम जाती है।
कार की रफ्तार 70 से 80 किमी प्रति घंटा के हिसाब से बताई जा रही है, लेकिन इस अंडरपास में 30 किमी प्रति घंटा के हिसाब से स्पीड निर्धारित है। यह सड़क हादसा पीछे चल रही एक अन्य कार के डैश कैम में कैद हो गया। इस कार चालक ने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस घटना में घायल युवकों को राहगीरों ने निकटवर्ती निजी अस्पताल में दाखिल करवाया। यह घटना शुक्रवार देर शाम की बताई जा रही है। थाना डीएलएफ फेत-तीन के निरीक्षक संदीप ने बताया कि इस हादसे को लेकर कोई शिकायत नहीं मिली है। अभी यह भी नहीं पता चल सका है कि हादसे में घायल युवक किस अस्पताल में भर्ती हैं। वायरल वीडियो की जांच कर रहे हैं। शिकायत आने पर कार्रवाई करेंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




