Gurgaon News: जलभराव में फंसे बच्चे भूख-प्यास से बिलखते रहे
Gurgaon News: गुरुग्राम में सोमवार को बारिश से स्थिति बहुत बिगड़ गई। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर जलभराव के चलते जाम लग गया है और सुभाष चौक पर करीब 20 स्कूल बसें चार घंटे तक फंसी रहीं, जिसमें पश्चात चार सौ बच्चे थे। अभिभावक पानी में उतरकर बच्चों को बाहर निकालने पहुंचे।

Gurgaon News: गुरुग्राम, कृष्ण कुमार। जिले में सोमवार बारिश से हालात बदतर हो गए। एक तरफ जहां दिल्ली-जयपुर हाईवे पर जलभराव के बाद जाम लग गया वहीं, अंदरूनी सड़कों पर स्थिति बिगड़ गई। सुभाष चौक पर भारी जलभराव में करीब 20 स्कूल की बसें चार घंटे तक फंसी रहीं। इसमें करीब चार सौ बच्चे थे। इनमें करीब 50 बच्चे नर्सरी से तीसरी कक्षा तक के थे, जो भूख-प्यास से बिलखते नजर आए। सूचना मिलने पर अभिभावक पहुंचे और पानी में उतरकर बच्चों को बाहर निकालकर ले गए। सुबह करीब साढ़े 11 बजे बारिश शुरू हुई। डेढ़ घंटे में मिलेनियम सिटी जलमग्न हो गई। सुभाष चौक पर रेल विहार और थाना सदर की तरफ करीब ढाई से तीन फीट तक पानी भर गया। दोपहर करीब दो बजे स्कूल की छुट्टी होने के बाद बच्चों को घर छोड़ने के लिए बख्तावर चौक की तरफ से सुभाष चौक की तरफ आ रही करीब 15 स्कूल बस इस जलभराव में फंस गई।
स्कूल बसों फंसी
इनमें से कुछ बस सुशांत लोक स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल, सेक्टर-51 स्थित मानव रचना इंटरनैशनल स्कूल, सेक्टर-62 स्थित हैरिटेज इंटरनैशनल स्कूल, सनसिटी स्कूल और शिक्षांतर स्कूल, सेक्टर-49 स्थित डीएवी स्कूल की थी। वहीं, थाना सदर की तरफ करीब पांच स्कूल बस फंस गई। बच्चे जब घर नहीं पहुंचे तो अभिभावकों ने बस चालक और परिचालक को कॉल करने शुरू कर दिए। जैसे ही अभिभावकों को सूचना मिली तो वे जैसे-तैसे सुभाष चौक पर पहुंच गए। जगह जगह जलभराव और यातायात जाम की वजह से उन्हें सुभाष चौक तक पहुंचने में डेढ़ से दो घंटे का समय लग गया। वे पानी में उतरकर अपने बच्चों को गोद में उठाकर ले गए। वहीं, कुछ अभिभावक अपने बच्चों को पैदल ही पानी में से निकालकर सुभाष चौक की तरफ सुरक्षित ले गए। करीब दो घंटे के बाद पुलिस और जिला प्रशासन की टीम हरकत में आई। उन्होंने क्रेन के माध्यम से बसों को बाहर निकाला। इसके बाद स्कूल प्रबंधन ने वैकल्पिक इंतजाम करके बच्चों को घर पहुंचाया।
पिछले साल भी भारी जलभराव हुआ था
मिलेनियम सिटी में पिछले साल भी सुभाष चौक पर भारी जलभराव हुआ था। करीब 20 से 25 गाड़ियां इस जलभराव में फंस गई थी। इसके बाद जीएमडीए ने मिलेनियम सिटी सेंटर से लेकर सुभाष चौक तक बरसाती नालों की सफाई करवाई थी। इस सफाई पर करीब ढाई करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।
जलभराव का कारण
सुभाष चौक के समीप से बादशाहपुर नाला निकल रहा है। सेक्टर-31 से लेकर 57 तक सीवर पानी की निकासी के लिए मुख्य सीवर लाइन भी सुभाष चौक के समीप से निकलकर बहरामपुर के सीवर शोधन संयंत्र तक जा रही है। ऐसे में माना जा रहा है कि भारी बारिश के चलते बरसाती नाला और सीवर लाइन ओवरफ्लो हो गई। इस वजह से सुभाष चौक पर जलभराव हो गया।
थाना सदर के आसपास फंसी स्कूल बसों को क्रेन के माध्यम से बाहर निकाला गया। यह बस स्टार्ट नहीं हो रही थी। चालक और परिचालकों से बच्चों के परिजनों के नंबर लेकर उन्हें सूचित किया गया। स्कूल प्रबंधन को कॉल करके वैकल्पिक इंतजाम करवाए गए। डेढ़ घंटे में स्कूल बसों को बाहर निकाल दिया गया।
-मोहन सिंह, प्रभारी, थाना सदर


