मिलावटी मिठाइयों से सतर्कता, आंखों और त्वचा की सुरक्षा जरूरी
- डॉक्टरो ने कहा खराब मावा और केमिकल रंगों से बढ़ सकता है बीमारी का खतरा, डॉक्टरों की सलाह: सीमित मिठास, ज्यादा सतर्कता

गुरुग्राम संवाददाता। रंगों और मिठास का पर्व होली उमंग और उत्साह का प्रतीक है, लेकिन जरा-सी लापरवाही से यह खुशी परेशानी में बदल सकती है। बाजार में बढ़ती मांग के बीच मिलावटी मावा, सिंथेटिक दूध और केमिकल युक्त रंग स्वास्थ्य के लिए खतरा बन रहे हैं। ऐसे में डॉक्टरों ने नागरिकों से संयम और सतर्कता बरतने की अपील की है। होली के लिए मात्र चार दिन बाकी रह गए हैं। ऐसे में बाजारों में मिठाइयों की दुकान सज गई हैं तो वहीं केमिकल वाले गुलाल भी बिक रहे हैं। ऐसे में त्योहार में लोगों को इन मिलावटी सामान से बचना होगा।
मैक्स हॉस्पिटल में न्यूट्रीशन डाइटीशियन सुरभि शर्मा का कहना है कि होली पर संतुलित खान-पान और सही हाइड्रेशन बेहद जरूरी है। सीमित मात्रा में मिठाई खाएं, तला-भुना कम लें और पानी, छाछ व हेल्दी ड्रिंक शामिल करें, ताकि त्योहार का आनंद बिना सेहत बिगाड़े लिया जा सके। त्योहार पर तला-भुना और अधिक मीठा खाने से पेट संबंधी दिक्कतें बढ़ जाती हैं। मिलावटी मावा और सिंथेटिक दूध से बनी मिठाइयों के सेवन से फूड प्वाइजनिंग, उल्टी-दस्त और बुखार के मामले बढ़ सकते हैं। कोशिश करें कि अच्छी दुकानों से ही मिठाई लें और सीमित मात्रा में सेवन करें। आंखों और त्वचा की सुरक्षा जरूरी सिविल अस्पताल के स्किन स्पेशलिस्ट डॉ. नीरज के अनुसार,होली खेलने से पहले त्वचा और बालों में नारियल या बादाम का तेल लगाएं। हर्बल गुलाल का इस्तेमाल करें और खेलने के बाद त्वचा को अच्छी तरह मॉइश्चराइज करें। बाजार में बिकने वाले सस्ते रंगों में कांच के महीन कण और हानिकारक रसायन मिलाए जाते हैं, जिससे एलर्जी, खुजली और रैशेज की समस्या हो सकती है। वहीं केमिकल युक्त रंग आंखों के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकते हैं। होली खेलते समय चश्मा पहनें, कॉन्टैक्ट लेंस न लगाएं। अगर रंग आंख में चला जाए तो उसे मलें नहीं, तुरंत साफ पानी से धोएं और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर से संपर्क करें। संतुलित खानपान और हाइड्रेशन पर जोर डॉक्टरों का कहना है कि धूप में लंबे समय तक रहने से डिहाइड्रेशन हो सकता है। रंग खेलने के दौरान पर्याप्त पानी पिएं। ज्यादा मीठा और तला भोजन शरीर पर अतिरिक्त दबाव डालता है, इसलिए संतुलन जरूरी है। विशेषज्ञों का मानना है कि त्योहार का आनंद तभी सार्थक है जब सेहत सुरक्षित रहे। थोड़ी-सी सावधानी, हर्बल रंगों का चयन और संतुलित खानपान से होली का उत्साह दोगुना किया जा सकता है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



