सेक्टर-37सी में वृद्धाश्रम बनाने की तैयारी की
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) सेक्टर-37सी में वृद्धाश्रम और शॉपिंग सेंटर बनाने की योजना बना रहा है। इसके लिए एक एकड़ जमीन का चयन किया गया है। वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के लिए कमरे, कैंटीन और खेल कक्ष बनेंगे। शॉपिंग सेंटर के लिए पौना एकड़ जमीन का चयन किया गया है।

गुरुग्राम, दीपक आहूजा। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की तरफ से सेक्टर-37सी में वृद्धाश्रम बनाने की तैयारी की जा रही है। इस सिलसिले में डीपीआर तैयार करने के लिए एक सलाहकार कंपनी को टेंडर आवंटित कर दिया है। अगले दो महीने के अंदर डीपीआर बनकर तैयार हो जाएगी। एचएसवीपी ने सेक्टर-37सी स्थित अपैक्स आवर होम्स सोसाइटी के समीप वृद्धाश्रम बनाने के लिए करीब एक एकड़ जमीन का चयन किया है। इस वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के रहने के लिए कमरों का निर्माण किया जाएगा। कैंटीन और वाचनालय बनाए जाएंगे। वाचनालय में टीवी का बंदोबस्त किया जाएगा। इसके अलावा चैस, कैरम बोर्ड आदि खेलों के लिए एक अलग से कमरा बनाया जाएगा। कमरों के अंदर भी शौचालयों का निर्माण किया जाएगा। अभी यह तय नहीं हो सका है कि इस वृद्धाश्रम का संचालन एचएसवीपी की तरफ से किया जाएगा या इसको तैयार करके किसी एनजीओ या गुरुग्राम नगर निगम के हवाले किया जाएगा। मौजूदा समय में सेक्टर-चार में एक वृद्धाश्रम है। इसका संचालन एक गैर सरकारी संस्था की तरफ से किया जा रहा है。
एचएसवीपी के कार्यकारी अभियंता का बयान
एचएसवीपी के कार्यकारी अभियंता विमलदीप ने बताया कि वृद्धाश्रम बनाने के लिए जमीन का चयन कर लिया है। इसके निर्माण के लिए डीपीआर तैयार करवाई जा रही है। डीपीआर बनने के बाद इसे मंजूरी के लिए मुख्यालय भेजा जाएगा। इसके बाद टेंडर जारी करने की प्रक्रिया को शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि उम्मीद है कि इस साल के अंत तक वृद्धाश्रम का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाए।
शॉपिंग सेंटर बनाने की तैयारी
एचएसवीपी की तरफ से सेक्टर-37सी में शॉपिंग सेंटर का निर्माण किया जाएगा। इसको लेकर करीब पौना एकड़ जमीन का चयन किया है। अभी इस सेक्टर में मार्केट नहीं है। इस वजह से लोगों को परेशान होना पड़ता है। इस मार्केट में क्योसक, बूथ और एससीओ को विकसित किया जाएगा। वाहनों को खड़ा करने के लिए पार्किंग की व्यवस्था भी की जाएगी।
नए रिहायशी भूखंड काटे जाएंगे
एचएसवीपी की तरफ से इस सेक्टर में करीब 10 एकड़ में रिहायशी भूखंड काटने की योजना बनाई है। इंजीनियरिंग सैल की तरफ से इस जमीन पर पानी, बिजली, सीवर, सड़क और बरसाती पानी की निकासी का बंदोबस्त किया जाएगा। इसके बाद भूखंड को ई-नीलामी के माध्यम से बेचा जाएगा।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


