शिक्षक नौ जून को शिक्षा सदन घेरेंगे
हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ ने शिक्षकों की लंबित मांगों और अतिथि अध्यापकों के नियमितीकरण को लेकर आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। 9 जून को पंचकूला में मास डेपुटेशन कार्यक्रम में हजारों शिक्षक शामिल होंगे। यदि मांगों का समाधान नहीं हुआ, तो आगामी आंदोलन की घोषणा की जाएगी।

गुरुग्राम,साक्षी रावत। शिक्षकों की लंबित मांगों और अतिथि अध्यापकों के नियमितीकरण को लेकर हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ ने सरकार और शिक्षा विभाग के खिलाफ आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। संघ के आह्वान पर 9 जून को शिक्षा सदन, पंचकूला में होने वाले मास डेपुटेशन कार्यक्रम में प्रदेशभर से हजारों शिक्षक पहुंचेंगे। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों का समाधान नहीं हुआ तो प्रदर्शन के दौरान आगामी आंदोलन की घोषणा की जाएगी। हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के राज्य सचिव सत्यनारायण यादव, जिला प्रधान मनोज कुमार, उपप्रधान अनीता यादव, जिला सचिव राजकुमार और संगठन सचिव राज सिंह ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि शिक्षकों और कर्मचारियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे लंबे समय से लंबित हैं।
इनमें 2014 की नियमितीकरण नीति के तहत अतिथि अध्यापकों को नियमित करना, टेट की शर्तों से प्रभावित शिक्षकों को राहत देना, सेवा नियमावली-2012 में संशोधन, खाली पदों पर नियमित भर्ती और पदोन्नति सूचियां जारी करना प्रमुख हैं।संघ नेताओं ने कहा कि आरोही, मेवात मॉडल स्कूल, कंप्यूटर शिक्षक, वर्क इंस्ट्रक्टर, वोकेशनल शिक्षक, लैब सहायक और कौशल रोजगार निगम के तहत कार्यरत शिक्षकों सहित विभिन्न वर्गों के कर्मचारियों को उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुरूप नियमित किया जाना चाहिए। इसके अलावा व्यवहारिक तबादला नीति लागू करने, पुरानी पेंशन बहाल करने, एलटीसी देने और शिक्षकों के लंबित व्यक्तिगत मामलों के निपटारे की भी मांग उठाई गई है। शिक्षक नेताओं ने मिड-डे मील के बजट और गुणवत्ता, विद्यार्थियों की प्रोत्साहन राशि में बढ़ोतरी, समय पर पुस्तकें उपलब्ध कराने, गैर-शैक्षणिक कार्यों पर रोक लगाने तथा स्कूलों के लिए बजट समय पर जारी करने की मांग भी दोहराई। उनका कहना है कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सार्वजनिक शिक्षा के विस्तार और शिक्षकों की समस्याओं के समाधान पर गंभीरता से काम करने की जरूरत है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


