
घामडौज और अलीपुर में बसें रुकना शुरू हुईं
सोहना-गुरुग्राम मार्ग पर अलीपुर और घामडौज के निवासियों को हरियाणा रोडवेज बस सेवा का लाभ मिलना शुरू हो गया है। इससे यात्रियों को अब लंबी दूरी की बसों का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। विधायक की शिकायत पर बसों को इन गांवों में रुकने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे स्कूल-कॉलेज की लड़कियों को भी सुविधा मिलेगी।
सोहना, संवाददाता। सोहना-गुरुग्राम मार्ग पर स्थित गांव अलीपुर और घामडौज के निवासियों को अब हरियाणा रोडवेज बस सेवा का लाभ मिलना शुरू हो गया है। लंबे समय से चल रही यात्रियों की परेशानी को दूर करते हुए, अब लंबे रूट की बसों को छोड़कर क्षेत्र में चलने वाली हरियाणा रोडवेज की सभी बसें अलीपुर और घामडौज बस स्टैंड से होकर गुजरेंगी। दरअसल, गुरुग्राम-सोहना के बीच दौड़ रही हरियाणा रोडवेज की बसें मार्ग के बीच में पड़ने वाले गांव अलीपुर और घामडौज बस स्टैंड पर रुके बिना एलिवेटेड मार्ग के फ्लाईओवर से सीधे निकल जाती थीं। इसके कारण इन दोनों गांवों के साथ-साथ हरियाहेड़ा, रायसीना, महेन्द्रवाड़ा और गढ़ी बाजीदपुर के यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।

यात्रियों को गुरुग्राम, दिल्ली, चंडीगढ़ या सोहना आने-जाने के लिए घंटों तक निजी बस या ऑटो का इंतजार करना पड़ता था, जिससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती थी। विशेषकर स्कूल-कॉलेजों में पढ़ने वाली लड़कियों और महिलाओं को बस सेवा न मिलने से अधिक समस्या हो रही थी। बादशाहपुर विधायक से की गई शिकायत परेशान ग्रामीणों ने बादशाहपुर विधायक और हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह से हरियाणा रोडवेज की बसें न रुकने की शिकायत की। ग्रामीणों ने मंत्री को बताया कि गांव की लड़कियों को शिक्षा प्राप्त करने के लिए नियमित रूप से बस की सेवाएं नहीं मिल पा रही हैं। सामान्य बस स्टैंड सोहना के प्रभारी गोविन्द सिंह ने बताया कि अब गुरुग्राम-सोहना के बीच चलने वाली हरियाणा रोडवेज के सभी बस चालक व परिचालक को अलीपुर व घामडौज बस स्टैंड से यात्रियों को लेकर जाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसा न करने वाले चालक की शिकायत विभाग के उच्चाधिकारियों को की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




