
जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करें : राव नरबीर
हरियाणा के उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह ने गुरुग्राम में जाम और जलभराव की समस्या के स्थाई समाधान के लिए विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने फ्लाईओवर की मरम्मत, मेट्रो निर्माण की तैयारियों और यातायात प्रबंधन की समीक्षा की। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्यों के लिए विस्तृत मोबिलिटी प्लान तैयार किया जाए।
गुरुग्राम। शहर को जाम और जलभराव की समस्या से स्थाई समाधान दिलाने के लिए हरियाणा के उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह ने सोमवार को विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण की शुरुआत हीरो होंडा चौक से करते हुए कैबिनेट मंत्री ने फ्लाईओवर की मरम्मत कार्यों, मेट्रो निर्माण से पूर्व तैयारियों तथा यातायात प्रबंधन की समीक्षा की। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी निर्माण कार्य को शुरू करने से पहले वाहन डायवर्जन व विस्तृत मोबिलिटी प्लान तैयार किया जाए, ताकि आमजन को न्यूनतम असुविधा हो और ट्रैफिक सुचारु बना रहे। राव नरबीर सिंह ने उमंग भारद्वाज चौक से गाड़ौली गांव तक सड़क मार्ग का निरीक्षण किया।
उन्होंने जीएमडीए, नगर निगम और एचएसआईआईडीसी के अधिकारियों को संयुक्त बैठक कर सड़क के जीर्णोद्धार, चौड़ीकरण तथा प्रभावी जलनिकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। राव ने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण से पूर्व अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी की जाए, जिससे भविष्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। कैबिनेट मंत्री ने ड्रेन को पक्का करने तथा उसकी नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी औद्योगिक इकाई का प्रदूषित पानी ड्रेन में न छोड़ा जाए और इस संबंध में नियमित निगरानी की जाए। कैबिनेट मंत्री ने सेक्टर-9 स्थित ग्रीनवुड स्कूल के समीप, सेक्टर-7 व 9 चौक, पालम विहार में बजघेड़ा फ्लाईओवर से पहले कृष्णा चौक पर ट्रैफिक व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों को पुलिस विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर प्रमुख चौक-चौराहों पर स्लिप रोड के निर्माण के निर्देश दिए। राव ने कहा कि गुरुग्राम जैसे तेजी से विकसित होते शहर में भविष्य की यातायात आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए ऐसी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता देना अत्यंत आवश्यक है। मंत्री ने सेक्टर-10 में प्रस्तावित मेट्रो मार्ग का भी निरीक्षण किया और मार्ग में मौजूद अतिक्रमण, भूमिगत व ऊपरी सुविधाओं के शिफ्टिंग प्लान तथा निर्माण से जुड़ी तकनीकी तैयारियों की विस्तृत जानकारी अधिकारियों से ली। उन्होंने निर्देश दिए कि मेट्रो परियोजना के दौरान यातायात और नागरिक सुविधाओं पर न्यूनतम प्रभाव पड़े, यह सुनिश्चित किया जाए। सेक्टर-22 स्थित ताऊ देवीलाल पार्क के सामने के मार्ग का निरीक्षण करते हुए उद्योग मंत्री ने जीएमडीए व जीएमआरएल अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेट्रो निर्माण अथवा ड्रेन चौड़ीकरण कार्य शुरू करने से पहले ट्रैफिक रूट के लिए पर्याप्त चौड़ाई वाला वैकल्पिक मार्ग सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने ताऊ देवीलाल पार्क की मौजूदा सुविधाओं का जायजा लेकर पार्क के सौंदर्यीकरण, हरियाली बढ़ाने तथा लोगों की सुविधाओं के विस्तार के लिए सीएसआर फंड के उपयोग के निर्देश दिए। कैबिनेट मंत्री ने एयर फोर्स स्टेशन के सामने चल रहे ड्रेन निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की आवश्यक सेवाएं बाधित न हों।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




